Thu. Jun 11th, 2026

मध्य प्रदेश मौसम पर अपडेट, 13 जून तक जारी रहेगा बारिश-बादल का दौर, गुरूवार को 34 जिलों में अलर्ट

मानसून की दस्तक से पहले मध्य प्रदेश में दो तरह के मौसम देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ गर्मी का असर बरकरार है तो वहीं दूसरी तरफ बादल-बारिश की स्थिति बनी हुई है। बीते दिन खजुराहो में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक दर्जन से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से 13-14 जून तक मध्य प्रदेश का मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।

खास करके 11 और 12 जून को रीवा, शहडोल, जबलपुर, नर्मदापुरम और महाकौशल क्षेत्र के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।  12 जून को मुरैना, भिंड, टीकमगढ़ और छतरपुर में ओलावृष्टि हो सकती है। 13 जून को ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र के कुछ जिलों के लिए तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है। गुरुवार (11 जून 2026) को 34 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बुधवार को छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, डिंडौरी, कटनी, सतना, मैहर, पन्ना, उमरिया, बैतूल, मंडला, अनूपपुर, शहडोल, जबलपुर, छतरपुर, दमोह, उज्जैन, रतलाम, नरसिंहपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में तेज हवा के साथ बारिश हुई।  बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 43.1 डिग्री, जबलपुर में 40.5 डिग्री, भोपाल में 40.4 डिग्री, उज्जैन में 39.5 डिग्री और इंदौर में 38.9 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम केंद्र, भोपाल के मुताबिक, आगामी 3-4 दिनों के दौरान मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों, तमिलनाडु और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा पश्चिम बंगाल के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं, ऐसे में 15 से 20 जून के बीच प्रदेश में मानसून की दस्तक होने की संभावना जताई जा रही है।

मानसून के सबसे पहले मध्यप्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में प्रवेश करने के प्रबल संकेत हैं। सामान्य तौर पर मध्य प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश करता है। पिछले वर्ष मानसून एक दिन की देरी से 16 जून को पहुंचा था। मौसम विभाग ने इस वर्ष प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा की संभावना जताई है, हालांकि प्रदेश के 14 जिलों में अब तक 100 प्रतिशत से लेकर 672 प्रतिशत तक अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है।

गुरुवार को 24 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

  • ग्वालियर, दतिया, मुरैना, भिंड, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरन हवा की गति 40 से 60 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।
  • भोपाल, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, उज्जैन, देवास, मंदसौर, रतलाम में गर्मी का असर बना रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed