Fri. Jun 12th, 2026

MP मौसम अपडेट: 41 जिलों में बारिश-आंधी की चेतावनी, 6 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट, अगले हफ्ते मानसून की दस्तक संभव

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है, ऐसे में अगले हफ्ते तक मध्य प्रदेश में दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल चक्रवाती परिसंचरण और प्री मानसून गतिविधियों के चलते प्रदेश में बादल छाए हुए है और बारिश हो रही है। शुक्रवार को 41 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं 6 जिलों में ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है। फिलहाल 15 जून तक मौसम का मिजाज यूही बने रहने का अनुमान है। अगले तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देेखने को मिल सकती है। बीते दिन छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा। बालाघाट के मलाजखंड में लू का असर रहा। ग्वालियर , दतिया और मंडला में वर्षा हुई। ग्वालियर, भिंड, दतिया और सीधी, मुरैना, शिवपुरी, रीवा और सतना में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली।

मौसम केंद्र, भोपाल के मुताबिक, आगामी 3-4 दिनों के दौरान मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों, तमिलनाडु और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा पश्चिम बंगाल के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं, ऐसे में 15 से 20 जून के बीच प्रदेश में मानसून की दस्तक होने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद अगले 10 से 15 दिनों में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। सामान्य तौर पर मध्य प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश करता है। पिछले वर्ष मानसून एक दिन की देरी से 16 जून को पहुंचा था।

शुक्रवार को इन जिलों में बारिश-आंधी और ओले की चेतावनी

  • ऑरेंज अलर्ट: भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है।
  • येलो अलर्ट: भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, मैहर और पांढ़ुर्णा में मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *