मुंबई पुणे रेल लाइन पर लैंडस्लाइड
भारी बारिश के बाद कर्जत और लोनावाला के बीच दक्षिण पूर्व घाट खंड में भूस्खलन हुआ। यह दूसरा मुंबई डिवीजन की अप मेन लाइन ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच हुआ है। ट्रैक पर मलबा आने की वजह से तीनों लाइन प्रभावित हो गई है। इस वजह से कई ट्रेनों को रोका गया है।
रेल मंत्री ने की समीक्षा
इस घटना के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव में सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव के साथ बातचीत कर स्थिति की समीक्षा की है। मंत्री ने कहा कि मुंबई पुणे घाट खंड में रेलवे ट्रैक पर भारी भूस्खलन और चट्टानों के गिरने से उत्पन्न हुई स्थिति की समीक्षा की है। बहाली के लिए टीम पूरी तरह से तैयार है। आज भी भारी बारिश की संभावना है इसलिए पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे दोनों के अधिकारियों से सभी ट्रेन सेवाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने के लिए एक टीम के रूप में काम करने के निर्देश जारी किए हैं। बता दें कि लगातार हो रही बारिश के चलते घाट क्षेत्र में पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने का सिलसिला लगातार जारी है। इसकी वजह से रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
ये ट्रेनें की गई रद्द
सेंट्रल रेलवे की ओर से सोमवार को सीएसएमटी पुणे सीएसएमटी इंद्रायणी एक्सप्रेस, पुणे सोलापुर पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस, सीएसएमटी पुणे सीएसएमटी डेक्कन एक्सप्रेस, सीएसएमटी पुणे सीएसएमटी इंटरसिटी एक्सप्रेस, सीएसएमटी पुणे सीएसएमटी प्रगति एक्सप्रेस, सीएसएमटी पुणे सीएसएमटी डेक्कन क्वीन, सीएसएमटी धुले सीएसएमटी एक्सप्रेस, सीएसएमटी पुणे सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस को रद्द किया गया है।
इसके अलावा नौ लंबी दूरी की ट्रेन ऐसी है जिन्हें विकल्प मार्ग से डायरेक्ट किया गया है। इनमें अहमदाबाद कोल्हापुर एक्सप्रेस, अहमदाबाद पुणे दूरंतो एक्सप्रेस, इंदौर दौंड एक्सप्रेस, चारलापल्ली इंदौर हमसफर एक्सप्रेस, हजूर साहिब नांदेड़ पनवेल एक्सप्रेस, दौंड ग्वालियर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, चेन्नई एग्मोर सीएसएमटी मेल, एलटीटी एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस शामिल है।
एक्सप्रेस वे पर लैंडस्लाइड
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई पुणे एक्सप्रेस वे पर पुणे से मुंबई जाने वाली लेन में खंडाला एग्जिट के पास मिसिंग लिंक पर लैंडस्लाइड की घटना हुई है। इसकी वजह से 8.9 किलोमीटर लंबी सुरंग बंद हो गई है क्योंकि इसके एग्जिट के पास पहाड़ी का एक हिस्सा रह गया है। इस वजह से मुंबई जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद है।