28 जुलाई को 10वीं और 12वीं की कंपार्टमेंट-इम्प्रूवमेंट परीक्षा, इन नियमों का करना होगा पालन, जानें टाइमिंग और पूरा शेड्यूल
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने 10वीं और 12वीं की कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट परीक्षा 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। परीक्षाओं का आयोजन 28 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इस परीक्षा में वे छात्र-छात्राएंशामिल होंगे, जिन्होंने निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन आवेदन किया है
छात्रों के प्रवेश पत्र जल्द ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड किए जाएंगे। स्कूल के प्रधानाचार्य इसे डाउनलोड करके, अपने हस्ताक्षर और मुहर के साथ छात्रों को वितरित करेंगे। बता दें कि इस बार परीक्षा में कुल 42,078 छात्र शामिल हो रहे हैं, जिनमें से 20,851 छात्र 10वीं के और 21,227 छात्र 12वीं कक्षा के हैं।
परीक्षा का समय: UPMSP के नोटिफिकेशन के अनुसार, कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) की कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट परीक्षा 28 जुलाई को सुबह की शिफ्ट में होगी। इसका समय सुबह 8:30 बजे से दोपहर 11:45 बजे रहेगा। 12वीं (इंटरमीडिएट) की कंपार्टमेंट परीक्षा दोपहर की शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। इसका समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक रखा गया है।
कब होगी प्रायोगिक परीक्षा: परीक्षा से पहले 16 और 17 जुलाई 2026 को प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। ये परीक्षाएं जिला मुख्यालयों पर तय सरकारी या सहायता प्राप्त स्कूलों में होंगी। परीक्षकों की नियुक्ति क्षेत्रीय कार्यालयों द्वारा की जाएगी ।
ये रहेंगे नियम
- परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 45 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा।
- परीक्षा हॉल के अंदर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पूरी तरह से रोक होगी। परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- प्रश्न पत्र रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले स्ट्रांग रूम की CCTV निगरानी के ज़रिए चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी।
- परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा कक्षों में वॉयस रिकॉर्डिंग सुविधा वाले CCTV कैमरे चालू रहेंगे।
- प्रश्नपत्रों के लिफाफे भी सीसीटीवी कैमरों और मजिस्ट्रेट की निगरानी में खोले जाएंगे।
- परीक्षार्थियों को बिना तलाशी के परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं दी जाएगी।
