छात्रों के लिए अच्छा मौका, कॉलेजों में 15 जुलाई तक लगेगा प्रवेश मेला, एक ही स्थान पर मिलेगी ये सारी जानकारी
छात्रों के लिए काम की खबर है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा मध्य प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी महाविद्यालयों में रिक्त सीटों को भरने के उद्देश्य से 8 जुलाई से “प्रवेश मेला” आयोजित किया गया है जो 15 जुलाई 2026 तक चलेगा। महाविद्यालयों में प्रवेश मेला प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा।
प्रवेश मेले के दौरान महाविद्यालयों में छात्रों को एक ही स्थान पर पंजीयन, चॉइस फिलिंग एवं संशोधन, दस्तावेज सत्यापन, सीट आवंटन संबंधी मार्गदर्शन तथा शुल्क भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे पात्र छात्र उसी दिन अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। जिन पाठ्यक्रमों और संकायों में सीटें ज्यादा खाली हैं, वहां विशेष प्रयास होंगे।
छात्रों की समस्याओं का भी होगा समाधान
महाविद्यालयों द्वारा पोर्टल पर उपलब्ध लंबित पंजीयन, सत्यापन, प्रवेश प्रस्ताव प्राप्त करने के बाद भी शुल्क जमा नहीं करने वाले छात्रों की सूची का परीक्षण कर उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया जाएगा। छात्रों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिन पाठ्यक्रमों एवं संकायों में रिक्त सीटों की संख्या अधिक है, वहां विशेष प्रयास किए जाएंगे। छात्रों को उपलब्ध पाठ्यक्रमों, विषय चयन एवं चॉइस संशोधन के संबंध में आवश्यक परामर्श प्रदान किया जाएगा।
हर दिन होगी समीक्षा, जिला नोडल अधिकारी करेंगे निगरानी
प्रत्येक महाविद्यालय में प्राचार्य की निगरानी में प्रतिदिन प्रवेश की समीक्षा की जाएगी तथा विभागवार एवं संकायवार लक्ष्य निर्धारित कर कार्यवाही की जाएगी। जिला नोडल अधिकारी अधिक रिक्त सीट वाले महाविद्यालयों की विशेष निगरानी करेंगे और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएंगे।
यह विशेष अभियान अतिरिक्त सीएलसी राउंड के दौरान प्रवेश प्रक्रिया को गति देने और पात्र छात्रों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए संचालित किया जा रहा है। समस्त महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि प्रवेश मेला केवल औपचारिक आयोजन न होकर “अधिकतम प्रवेश, उसी दिन प्रवेश” की कार्यपद्धति पर संचालित किया जाए, जिससे अतिरिक्त सीएलसी राउंड में अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश का लाभ मिल सके।
