दतिया उपचुनाव BJP की स्टार प्रचारकों की सूची जारी, सीएम यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज और सिंधिया समेत कई दिग्गज नेताओं के नाम शामिल.
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने प्रस्तावित अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। 40 नामों की सूची में मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और संगठन के वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें मुख्यमंत्री मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई दिग्गज नेताओं के नाम शामिल है।
लिस्ट में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल के अलावा वरिष्ठ मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह के अलावा पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को भी प्रचार अभियान में शामिल किया गया है। इसके अलावा गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह , एदल सिंह कंसाना, प्रद्युम्न सिंह तोमर, नारायण सिंह कुशवाहा, सुमित्रा वाल्मीकि, शैतान सिंह पाल को भी शामिल किया गया है।
खास बात ये है कि लिस्ट में क्षेत्रीय से लेकर जातिय समीकरण साधने के लिए मालवा से लेकर ग्वालियर-चंबल संभाग नेताओं को शामिल किया गया है। आने वाले दिनों में दतिया में बड़े नेताओं की सभाएं और रोड शो चुनावी माहौल को और गर्माएंगे।
बता दें कि 30 जुलाई को दतिया उपचुनाव के लिए मतदान होना है। नामांकन की आखिरी तारीख 13 जुलाई, सोमवार है। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 16 जुलाई है। मतगणना 3 अगस्त 2026 को होगी।
कांग्रेस ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है। बीजेपी संगठन ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को दतिया उपचुनाव का मुख्य चुनाव प्रभारी भी नियुक्त किया है। वे बूथ प्रबंधन, चुनावी रणनीति और सघन जनसंपर्क की कमान संभालेंगे। कांग्रेस के तत्कालीन विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद यह उपचुनाव कराया जा रहा है। भाजपा कांग्रेस दोनों के लिए यह चुनाव जीतना साख का सवाल है। एक तरफ भाजपा इस सीट पर वापस कब्जा जमाने की कोशिश करेगी वहीं कांग्रेस भी सीट हथियाने के लिए एडी से चोटी का जोर लगाएगी।
