Thu. Jul 16th, 2026

ब्लैकबोर्ड-पत्नी की साड़ी-पेटीकोट धोता हूं, झाडू-पोंछा करता हूं दोस्त कहते हैं- ये मर्द नहीं, हाउस हसबैंड बनने से भाइयों की शादी नहीं हो रही

मुझे देखते ही जल्दी-जल्दी हाथ धोने लगे। मैंने पूछा- आप ही अमित दुबे हैं? वो सिर हिलाते हुए बोले- ‘हां मैं ही हूं।’  बेटी सो रही है। पत्नी दूसरे कमरे में है, आज बैंक की छुट्टी है न…। मैं बर्तन धोकर आपके लिए चाय-पानी लाता हूं।मेरे मना करने पर हंसते हुए बोले- ‘अरे! संकोच मत करिए। मेरे यहां कोई भी आता है, तो चाय-नाश्ता मैं ही बनाता हूं। जब कोई बाहरी आता है तो पत्नी ये सब करने के लिए मना भी करती है। कहती है- मर्द को झाड़ू-पोंछा, बर्तन, खाना, कपड़े धोने जैसे काम करते हुए कोई देखेगा तो मुझे ताने देगा।’

दरअसल, मैं हाउस हसबैंड या मेल होममेकर हूं। 10 साल पहले एक कंपनी में इंजीनियर था, फिर नौकरी छोड़कर घर संभालने लगा। पत्नी बैंक में नौकरी करती है।कहते-कहते अमित के चेहरे पर मुस्कुराहट थी। वो कुछ पल चुप रहे, फिर वहां से उठकर किचन में बर्तन धोने चले गए।   बर्तन धोने के बाद तौलिए से हाथ पोंछते हुए वो बोले- ‘ये टी-शर्ट, पैंट ठीक तो लग रहा है न! क्या करें, दिनभर घर का काम करते-करते कपड़े गंदे हो जाते हैं।’

मेरे हामी भरने पर वो कैमरे के सामने आकर बैठ गए। थोड़ी देर रुककर बोले- ‘2016 की बात है। मैं एक प्राइवेट कंपनी में मैकेनिकल इंजीनियर था। सैलरी 16 हजार थी। शादी को 4 महीने हुए थे। अचानक पत्नी की तबीयत बहुत खराब हो गई। घर का कोई काम नहीं कर पा रही थी। ठीक से सांस नहीं ले पाती थी। लगता था, चार कदम चलेगी, तो चक्कर खाकर गिर जाएगी। उसे नौकरी पर जाने में भी दिक्कत होने लगी।डॉक्टर को दिखाया, तो पता चला फेफड़े में पानी भर गया है। डॉक्टर का कहना था कि प्रोसीजर करके इसे निकालना पड़ेगा, वरना जान को खतरा हो सकता है।

फौरन प्रोसीजर हुआ। करीब दो महीने तक वो बिस्तर पर रही। उसका सारा काम… वॉशरूम से लेकर नहाना-धोना, सब कुछ मैं ही करता था। वो सूखकर 25 किलो की रह गई थी। घर के काम की पूरी जिम्मेदारी मां पर आ गई थी। मां की भी उम्र हो गई थी, इतना काम नहीं कर पाती थीं। इसलिए सुबह-शाम का खाना मैं बनाने लगा।

धीरे-धीरे पत्नी की तबीयत ठीक होने लगी। वो फिर नौकरी के साथ-साथ घर भी संभालने लगी। उस वक्त हम लोग बिहार के मोतिहारी में रहते थे। सुबह-सुबह पत्नी घर का काम करती, फिर बैंक चली जाती। शाम को देर से लौटती, फिर घर का काम करती। करीब 10-15 दिन ऐसे ही चला। फिर उसकी तबीयत खराब होने लगी। सांस लेने में तकलीफ होने लगी।मुझे लगा कि घर संभालने के लिए किसी एक को अपनी नौकरी छोड़नी पड़ेगी। मैंने पत्नी से कहा- ‘या तो तुम नौकरी छोड़ दो, नहीं तो मैं छोड़ देता हूं। पत्नी बिना कुछ बोले दूसरे कमरे में चली गई। मैं कहीं न कहीं उसकी खामोशी को समझ रहा था।’

अचानक ये बातें कहते-कहते अमित रुक जाते हैं। दोहराकर पूछने पर कहते हैं, ‘हम दोनों की लव मैरिज है। 2011 में एक दोस्त के जरिए हम दोनों पंजाब के जालंधर में मिले थे। तब वो बैंक में जॉब की तैयारी कर रही थी और मैं मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा पूरा करने वाला था। उसने बड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद ये नौकरी पाई थी।

मैंने उसके पुराने दिनों को याद करते हुए सोचा- ‘अगर मैं नौकरी करता रहा, तो इसे अपने करियर को छोड़ना पड़ेगा। क्यों न, मैं ही अपनी नौकरी छोड़कर हाउस वाइफ की तरह ‘हाउस हसबैंड’ बन जाऊं।’मैं उठकर पत्नी के पास गया और बोला- ‘तुम परेशान मत हो। मैं घर देखूंगा, तुम नौकरी करो।’वो थोड़ी देर तक मेरी तरफ देखती रही, फिर बोली- ‘घरवाले क्या कहेंगे कि शादी होते ही बेटा नौकरी छोड़कर चूल्हा-चौका करने लगा। बीवी का गुलाम बन गया। कितना खराब लगेगा। मैं कैसे जी पाऊंगी। बात-बात पर लोग मुझे ताने देंगे।’

मैंने उसे समझाया कि- हमारा रिश्ता और घर बचाने के लिए हम दोनों में से किसी एक को अपने करियर की कुर्बानी देनी पड़ेगी। इस तरह हम परिवार नहीं संभाल पाएंगे। तुम्हारी सैलरी भी ठीक-ठाक है। मैं अभी घर संभालता हूं, तुम जॉब देखो।’ पत्नी बोली- ‘जैसा ठीक लगे करिए।’मैं कमरे से उठकर आंगन में चला गया। बस ये सोच रहा था कि घरवालों को कैसे बताऊंगा। अगले दिन की बात है। रात के करीब 10 बज रहे थे। मैंने मां-पापा को बुलाकर ये बातें बताई। उन्होंने सिर्फ इतना कहा- ‘तुम लोग समझदार हो। जो ठीक लगता है, करो।’

‘अगली सुबह ऑफिस जाकर मैंने रिजाइन कर दिया। उसी दिन से मैं इंजीनियर से हाउस हसबैंड बन गया।’अमित अभी बात कर ही रहे थे, तभी उनकी पत्नी प्रीति लता पांडे पास आकर बैठ गईं। अमित बोले- ‘औरों का तो छोड़िए, प्रीति के घरवालों ने ही सबसे पहले विरोध करना शुरू किया था। कहने लगे- शादी से पहले तो लड़का इंजीनियर था। अच्छी-खासी नौकरी थी। अब घर के काम करेगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *