सीएम डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली में भारत टेक्स-2026 में होंगे शामिल, टेक्सटाइल निवेश पर रहेगा फोकस
सीएम डॉ मोहन यादव आज दिल्ली में आयोजित देश के सबसे बड़े टेक्सटाइल और परिधान आयोजन “भारत टेक्स 2026” में हिस्सा लेंगे। भारत मंडपम में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री देश-विदेश के प्रमुख कपड़ा उद्योग समूहों, निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से मुलाकात कर राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। इस दौरान मध्यप्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों, टेक्सटाइल सेक्टर के लिए उपलब्ध सुविधाओं और नए निवेश अवसरों को निवेशकों के सामने रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पहले कहा कि मध्यप्रदेश निवेश और औद्योगिक विस्तार की अपार संभावनाओं वाला राज्य है। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली में आयोजित ‘इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ में वे उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद कर राज्य में उद्योगों के विस्तार और नए निवेश पर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय कपड़ा मेला में शामिल होंगे
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित यह चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कपड़ा मेला भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री की वैश्विक क्षमता को प्रदर्शित करने का प्रमुख मंच है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज यहां शिरकत करेंगे और निवेशकों से मिलेंगे। कार्यक्रम के दौरान वे भारत मंडपम स्थित मध्यप्रदेश पवेलियन का दौरा करेंगे। यहां राज्य की औद्योगिक नीतियों, कौशल विकास कार्यक्रमों और धार जिले में विकसित किए जा रहे पीएम मित्र (PM MITRA) पार्क सहित टेक्सटाइल वैल्यू चेन को प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा वे केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह और टेक्सटाइल उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ आयोजित राउंडटेबल चर्चा में भी शामिल होंगे।
निवेशकों से करेंगे मुलाकात
मुख्यमंत्री यहां विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में नए औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन, निर्यात बढ़ाने और तकनीकी सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। दिल्ली के होटल ‘द लीला’ में आयोजित “मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर” विषयक विशेष सत्र को भी वे संबोधित करेंगे। इस दौरान राज्य सरकार और औद्योगिक संगठनों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है। राज्य सरकार इस मंच का उपयोग अगले साल मध्यप्रदेश में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए उद्योग जगत को आमंत्रित करने के अवसर के रूप में भी करेगी। सरकार का लक्ष्य टेक्सटाइल, गारमेंट और फुटवियर उद्योगों में निवेश आकर्षित कर प्रदेश में रोजगार और औद्योगिक विकास को गति देना है।
