Sat. Nov 21st, 2026

मैट्रिमोनियल’ एप पर फ्रेंडशिप, दोस्त के फ्लैट-होटल में किया रेप युवती बोली-आरोपी एप पर लड़कियों को फंसाता है, सदमे में पिता को हुआ ब्रेनहेमरेज

मैट्रिमोनियल एप पर दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म और धमकाने का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के इटावा की 31 वर्षीय युवती की दिसंबर 2023 में भिंड निवासी प्रदीप उर्फ दीपक मिश्रा से मैट्रिमोनियल एप के जरिए पहचान हुई थी।

युवती का आरोप है कि प्रदीप ने खुद को कुंवारा बताया और शादी का प्रस्ताव दिया। इसके बाद उसे ग्वालियर बुलाकर बहोड़ापुर के उरवाई गेट स्थित दोस्त के किराए के फ्लैट में पहली बार दुष्कर्म किया। बाद में फ्लैट और होटल में कई बार बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए।

युवती ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2025 में उसे आरोपी के शादीशुदा होने की जानकारी मिली। विरोध करने पर आरोपी उसके घर पहुंचा और पिस्टल तानकर खुद को गैंगस्टर बताते हुए जान से मारने की धमकी दी।

युवती का आरोप है कि इस घटना के तनाव में उसके पिता को पैरालिसिस और ब्रेन हेमरेज हो गया। इसके बाद भी आरोपी ने उसे बुलाकर दुष्कर्म किया। बहोड़ापुर पुलिस ने सोमवार को रेप और धमकाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।

मैट्रिमोनियल एप से हुई थी पहचान

इटावा निवासी युवती के अनुसार, वर्ष 2023 में उसकी पहचान प्रदीप उर्फ दीपक मिश्रा, निवासी स्टेशन रोड गोहद, जिला भिंड से मैट्रिमोनियल एप के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच फोन और वॉट्सऐप पर बातचीत होने लगी। प्रदीप ने खुद को कुंवारा बताते हुए एक कंपनी में काम करने की बात कही और युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया।

फ्लैट और होटल में ले जाकर शोषण का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, अप्रैल 2025 में आरोपी उसे ग्वालियर बुलाकर उरवाई गेट स्थित अपने दोस्त के किराए के फ्लैट पर ले गया। यहां शादी का झांसा देकर पहली बार शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी उसे उसी कमरे और उरवाई गेट के पास स्थित एक होटल में बुलाकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।

शादीशुदा होने का पता चला तो पिस्टल तानने का आरोप

पीड़िता ने बताया कि करीब एक साल पहले आरोपी उसके माता-पिता से मिलने घर पहुंचा था। उसके व्यवहार पर परिजनों को शक हुआ। पड़ताल करने पर आरोपी के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया।

युवती का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी ने पिस्टल निकालकर उसके माता-पिता पर तान दी और खुद को गैंगस्टर बताते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, इस घटना के तनाव के बाद उसके पिता को पैरालिसिस और ब्रेन हेमरेज हो गया।

पीड़िता का आरोप- दूसरी लड़कियों को भी फंसाता है

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहता है। उसका आरोप है कि आरोपी के पास अवैध पिस्टल है और वह मेट्रीमोनियल एप पर खुद को कुंवारा बताकर लड़कियों से दोस्ती करता है। इसके बाद उन्हें शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता है। विरोध करने पर हथियार के दम पर धमकाता है।

डर के कारण कॉलेज जाना भी बंद किया

पीड़िता ने बताया कि अगस्त 2025 में आरोपी ने उसे आखिरी बार उरवाई गेट स्थित कमरे पर बुलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार उसके घर के बाहर आकर बैठता और परिजनों को हथियार दिखाकर धमकाता था। आरोपी के खौफ और जान से मारने की धमकियों के कारण उसने कॉलेज जाना तक बंद कर दिया।

पुलिस का कहना है

बहोड़ापुर टीआई आलोक परिहार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी भिंड जिले का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *