CJP नेता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस सरकार बोली- पासपोर्ट पर पिता के नाम का कॉलम खाली, जन्मस्थान और पते में भी फर्क
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास फिलहाल विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे। केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है।
सरकार के मुताबिक, उनके पासपोर्ट में पिता के नाम का कॉलम खाली है। इसके अलावा जन्मस्थान, पढ़ाई और पते से जुड़ी जानकारियों में भी अंतर मिला है। सरकार ने कहा कि इन गड़बड़ियों का असर उनकी नागरिकता पर भी पड़ सकता है।
दरअसल, 23 नवंबर को सौरव को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया गया था। उन्हें ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलना था।
इसके बाद 24 नवंबर को सौरव दास ने विदेश जाने से रोके जाने के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी। सुनवाई के दौरान केंद्र ने बताया कि उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।
दास बोले- मुझे नोटिस की जानकारी नहीं दी गई
दास के वकील अखिल सिब्बल ने कोर्ट में कहा कि सौरव को लुकआउट नोटिस जारी होने या विदेश जाने से रोकने के बारे में पहले नहीं बताया गया था। उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर नोटिस दिया गया। इससे पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें फ्लाइट में बैठने से रोक दिया था।
वकील ने कोर्ट से लुकआउट नोटिस जारी करने की वजह बताने और उसकी कॉपी देने की मांग की। इस पर केंद्र ने कहा कि लुकआउट नोटिस की कॉपी नहीं दी जा सकती। हालांकि, अब दास को इसकी जानकारी है और वे इसे कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं।
सरकार बोली- पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया, सिर्फ विदेश जाने से रोका
केंद्र ने कोर्ट को बताया कि 23 नवंबर को शाम 7:32 बजे दास को नोटिस भेजा गया था। इसके 4 मिनट बाद उन्हें विदेश यात्रा न करने की सलाह दी गई। पासपोर्ट में मिली गड़बड़ियों पर जवाब देने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है।
सरकार ने कहा कि दास का पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया है। उन्हें सिर्फ विदेश यात्रा न करने को कहा गया था।
सौरव को ऑक्सफोर्ड ने कॉकरोच मूवमेंट पर बोलने के लिए बुलाया
सौरव ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करके बताया था कि मुझे ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलने के लिए यूके जाना था। 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर रात 1 बजे की फ्लाइट थी, लेकिन मुझे इसमें जाने नहीं दिया गया। इमिग्रेशन काउंटर पर रोक दिया गया था।
उन्होंने बताया कि मुझे ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबरा जैसे विश्वविद्यालयों से कॉकरोच मूवमेंट पर बात करने के इनवाइट किया गया था।
हालांकि, आधिकारिक लिस्टिंग के मुताबिक, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में पैनल चर्चा होनी है। इसमें सौरव को शामिल होने के लिए बुलाया गया है। ऑक्सफोर्ड यूनियन स्वतंत्र रूप से चलने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है। यह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।
