Thu. Jun 11th, 2026

यूरो कप:वेल्स की टूर्नामेंट में पहली जीत, तुर्की दूसरा मैच हारा; रामसी लगातार 2 यूरो कप में गोल करने वाले वेल्स के पहले खिलाड़ी ब

यूरो कप में ग्रुप-A के तीसरे मुकाबले में वेल्स ने तुर्की को 2-0 से शिकस्त दी। टूर्नामेंट में वेल्स की यह पहली जीत है। अजरबैजान के बाकू में खेले गए मैच में मिडफील्डर आरोन रामसी और डिफेंडर कॉनोर रॉबर्ट्स ने 1-1 गोल दागा। ओवरऑल वेल्स की तुर्की के खिलाफ 3 मैच में यह दूसरी जीत है।

मैच में पहला गोल रामसी ने 42वें मिनट में गोल दागा। इसके बदौलत वेल्स को हाफटाइम तक 1-0 की बढ़त मिली। इसके बाद 90+5वें मिनट में वेल्स के डिफेंडर कॉनोर रॉबर्ट्स ने गोल दागकर टीम को 2-0 की विजयी बढ़त दिलाई। यह दोनों गोल कप्तान गैरथ बेल ने ही असिस्ट किए।

रामसी के नाम बड़ा रिकॉर्ड

रामसी ने मैच में अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कराया है। वे लगातार 2 यूरो कप टूर्नामेंट में गोल करने वाले वेल्स के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

वेल्स के फॉरवर्ड मूरे चोटिल
73वें मिनट में वेल्स के फॉरवर्ड कीफर मूरे चोटिल हो गए। उनको तुर्की के डिफेंडर कैगलर सोयुन्कु के पैर से नाक में चोट लग गई थी। इसके बाद उनको खून आने लगा तो तुरंत ट्रीटमेंट दिया गया। कुछ मिनट मैच रुका, लेकिन मूरे ठीक हुए और फिर मैच खेलने लगे।

               वेल्स के कप्तान बेल ने पेनल्टी से गोल का आसान मौका गंवाया।
वेल्स के कप्तान बेल ने पेनल्टी से गोल का आसान मौका गंवाया।

 

60वें मिनट में वेल्स को एक पेनल्टी मिली, जो कप्तान बेल ने ली। वे इस मौके को गोल में तब्दील करने से चूक गए। इस तरह मैच में तीन बार वे गोल करने का मौका गंवा चुके।

पहले हाफ में वेल्स ने गोल के साथ बाजी मारी
पहले हाफ में वेल्स ने गोल दागकर 1-0 की बढ़त बनाई। इस पूरे हाफ में तुर्की की टीम थोड़ी भारी पड़ रही थी, लेकिन 42वें मिनट में रामसी के गोल ने वेल्स का पलड़ा भारी कर दिया। पहले हाफ में तुर्की के पास 58% और वेल्स के पास 42% बॉल पजेशन रही। शॉट्स ऑन टारगेट के मामले में 2-2 की बराबरी रही। पास एक्यूरेसी में तुर्की 84% के साथ आगे रही, जबकि वेल्स के पास 77% ही पास एक्यूरेसी देखी गई।

हेड-टु-हेड

इस मैच में दोनों टीमें 4-1-4-1 के फॉर्मेशन के साथ मैदान में उतरी थी। हेड-टु-हेड में दोनों के बीच अब तक 3 मैच खेले गए, जिसमें वेल्स ने 2 मैच जीते, जबकि एक मैच में तुर्की को सफलता मिली। वहीं, वेल्स की यूरो कप में यह 5वीं जीत है। उसने अब तक खेले 8 मैच में 2 हारे और एक ड्रॉ खेला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed