मानसून रूठा:बारिश में गर्मी सता रही, अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री यह सामान्य से चार डिग्री अधिक

दो दिन शहर के एक हिस्से में जोरदार बारिश हुई, लेकिन बुधवार का दिन सूखा बीता। इधर, पूरे शहर में एक साथ बारिश नहीं होने से अधिकतम तापमान बढ़कर 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। यह सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। तापमान के साथ उमस भी परेशान कर रही। वैसे आमतौर पर जुलाई में दिन का तापमान 30 से 31 डिग्री के आसपास रहता है, लेकिन मानसून सक्रिय नहीं होने और अधिकांश समय धूप रहने से तापमान इतना ज्यादा रिकाॅर्ड हो रहा। रात का न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य है। मंगलवार को दिन रात का तापमान क्रमश: 34.3 और 23.3 डिग्री रहा था।
आज से मानसून फिर सक्रिय होने के आसार
मौसम विभाग ने आसार जताए कि गुरुवार से इंदौर सहित प्रदेश में मानसून लौट सकता है। हलकी बारिश से शुरुआत हो सकती है। शहर में अब तक 3 इंच बारिश हुई है, जबकि इस वक्त तक 7 इंच से अधिक पानी बरस जाना चाहिए था। पिछले साल 1 से 7 जुलाई लगभग हर दिन बारिश हुई थी।