Fri. Nov 20th, 2026

नई सुविधा:बैतूल से नागपुर तक चलेगी ब्राॅडगेज मेट्रो

केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग व परिवहन मंत्रालय द्वारा संचालित नागपुर ब्राॅडगेज मेट्रो सेवा का लाभ बैतूल जिले को भी मिलेगा। केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी गुरुवार को हुए वायरल वीडियो में जानकारी देते हुए नजर आए। वे विदर्भ काे लेकर हुई किसी बैठक काे संबाेधित कर रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद सांसद डीडी उइके ने भी जनसंपर्क से जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी है।

इसमें उन्हाेंने बताया केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग एवं परिवहन मंत्रालय द्वारा संचालित नागपुर ब्रॉडगेज मेट्रो सेवा का लाभ अमरावती, छिंदवाड़ा, गोंदिया, वड़सा, यवतमाल, रामटेक सहित बैतूल जिले को भी मिलेगा। उन्होंने इस योजना में बैतूल को लाभान्वित किए जाने पर केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार माना है।

सांसद ने बताया यह मेट्रो देश की पहली मेट्रो रेल सेवा होगी जो नागपुर से बैतूल, अमरावती, छिंदवाड़ा, गोंदिया, वड़सा, यवतमाल एवं रामटेक तक चलेगी। उन्होंने कहा इस मेट्रो सेवा से समय की बचत होगी। व्यावसायिक लोगों को अधिक लाभ मिलेगा। इस मेट्रो रेल में कोल्ड स्टोरेज व्यवस्था के साथ दो डिब्बे होंगे, जिससे माल परिवहन में सुविधा होगी। एक साल के अंदर यह नागपुर तथा अगले तीन साल के अंदर यह नागपुर से बैतूल के क्षेत्र के लिए सुचारू होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *