मुंबई में लगातार हो रही बारिश का असर:आज नहीं आएगी पंजाबमेल शहर से 200 रिजर्वेशन थे

मुंबई में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम का असर अब वहां से आने वालीं फ्लाइट और ट्रेनों पर भी पड़ने लगा है। मौसम में खराबी के चलते सोमवार को सीएसटीएम-फीरोजपुर पंजाबमेल कैंसिल रहेगी। इस ट्रेन में भोपाल व हबीबगंज स्टेशन से मुंबई तरफ रवाना होने वाले करीब 200 यात्रियों ने रिजर्वेशन करवाए थे।
वहीं, रविवार सुबह भोपाल पहुंचने वाली इंडिगो की फ्लाइट दो घंटे की देरी से भोपाल पहुंची। रेलवे ट्रैक पर पानी होने के कारण गत दिवस मुंबई सीएसटीएम-फीरोजपुर पंजाबमेल वहां से रवाना नहीं हो सकी थी। इस वजह से ट्रेन का रैक फीरोजपुर नहीं पहुंच सका। इससे फीरोजपुर से मुंबई सीएसटीएम के लिए चलने वाली पंजाबमेल रविवार को वहां से रवाना नहीं हो पाई। इस वजह से यह गाड़ी अब सोमवार को भोपाल और हबीबगंज स्टेशन नहीं आएगी।
दो घंटे लेट हुई इंडिगो की मुंबई मॉर्निंग फ्लाइट
मुंबई में खराब मौसम के कारण रविवार सुबह भोपाल पहुंचने वाली इंडिगो की फ्लाइट दो घंटे की देरी से पहुंची। इंडिगो की यह फ्लाइट मुंबई से सुबह 6:10 बजे चलकर 7:50 बजे भोपाल आती है, जो सुबह 9:50 बजे यहां पहुंची। इसके बाद फ्लाइट को करीब डेढ़ घंटे की देरी से सुबह 8:30 की जगह 10:20 बजे वापस रवाना किया गया। हालांकि कोरोना अवधि ही नहीं, विंटर सीजन के बाद पहला मौका है, जबकि कोई फ्लाइट इतनी लेट हुई हो।