Thu. Nov 26th, 2026

MP में लौटी मानसून की रंगत:4 दिन तक भोपाल समेत पूरे प्रदेश में बारिश होगी; अगर 27 जुलाई को सिस्टम बना तो लगातार 8 दिन से ज्यादा पानी गिरेगा

मध्यप्रदेश में मानसून ने समय से पहले धमाकेदार एंट्री के बाद से रूठ सा गया था, लेकिन एक बार फिर मानसून की रंगत लौटती नजर आ रही है। गुरुवार को भोपाल समेत प्रदेश के इलाकों में बारिश की बौछारें पड़ने से लोगों ने राहत की सांस ली। विदिशा के सिरोंज, बैतूल, होशंगाबाद, छिंदवाड़ा में तो जमकर बारिश हुई।

मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया, अब बारिश होने लगी है। अभी बंगाल में लो प्रेशर एरिया बना रहा है। इसके अलावा अरेबियन सी में भी हलचल हैं। अगले 24 घंटों के दौरान एक ट्रफ लाइन मध्यप्रदेश में नीचे आ जाएगी। इसे अगले चार-पांच दिन तक बारिश होगी। इसके साथ ही 27 को भी एक सिस्टम बनते दिख रहा है। अगर वह समय पर बन गया, तो प्रदेश में लगातार 8 दिन से ज्यादा बारिश का स्पेल रहेगा।

यह सिस्टम बना है

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमोत्तर बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर सक्रिय हो चुका है। मानसून ट्रफ फिरोजपुर, रोहतक, अलीगढ़, चुर्क, रांची, बालासोर से होते हुए बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर दाब क्षेत्र तक विस्तृत है। वहीं, दक्षिणी गुजरात तट से उत्तरी केरल तट तक Off-shore Trough सक्रिय है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी पाकिस्तान में चक्रवातीय गतिविधियां चल रही हैं। इस कारण से पूर्वी मध्यप्रदेश में ज्यादा पानी गिरने लगा है। इसके साथ ही 27 जुलाई को भी एक सिस्टम बन रहा है। यह सक्रिय होता है, तो यह बारिश आगे भी जारी रहेगी।

अब सामान्य बारिश का कोटा सामान्य हुआ

भोपाल में जून में जमकर बारिश हुई, लेकिन 1 जुलाई के बाद से पानी गिरना बंद हो गया। सिर्फ 11 और 12 जुलाई को कुछ बारिश रिकॉर्ड की गई। बीते 21 दिन में इन्हीं दो दिन बारिश हुई। बीते चौबीस घंटे से प्रदेश में बारिश होने के कारण कुछ स्थिति सुधरी है। अब तक प्रदेश में 334 मिमी बारिश होना था, लेकिन 267 मिमी पानी गिर चुका है। यह सामान्य से 20% कम है। हालांकि मौसम विभाग सामान्य से 20 कम या ज्यादा को सामान्य बारिश मानता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed