Sun. May 4th, 2025

धारीवाल का दो टूक जवाब, किस बात का बदलाव:राज्य सरकार में नम्बर दो के मंत्री शांति धारीवाल ने कहा प्रदेश की कुर्सी में किसी तरह का बदलाव नहीं होना, दरबार और सरकार दोनों चलते रहेंगे

राज्य सरकार के यूडीएच मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शांति धारीवाल ने सचिन पायलट व अशोक गहलोत की कंट्रोवर्सी को लेकर दो टूक जवाब दिया। कहा कि कभी ऐसा सुनने में नहीं आया कि राजस्थान में दो नेताओं की ढाई-ढाई साल सरकार चलेगी। प्रदेश में किसी तरह के बदलाव की जरूरत ही नहीं है। किस बात का बदला होगा। सरकार तो बहुत अच्छा काम कर रही है। कांग्रेस किसी भी तरह से बंटी हुई नहीं है। पूरी कांग्रेस गहलोत के साथ खड़ी है। पहले का समय निकल चुका है। अब गहलोत ही कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं। शांति धारीवाल ने  संवाददाता से विशेष बातचीत में यह कहा है। प्रशासन शहरों के संग अभियान को लेकर अलवर में जयपुर संभाग की कार्यशाला का शुक्रवार को दूसरा दिन है। इस कार्यशाला में अभियान के समय अधिक से अधिक पट्टे देने को लेकर चर्चा जारी है। सरकार मार्च 2022 तक 10 लाख पट्टे देने का लक्ष्य तय कर चुकी है। उसी के तहत यह सातवें संभाग की आखिरी कार्यशाला है। इसके बाद नए नियमों को अमलीजामा पहना काम शुरू हो जाएगा।

हाईकमान का दरबार भी चलता रहेगा

धारीवाल ने सचिन पायलट से हाईकमान को किए गए वादों को पूरा करने के सवाल के जवाब में कहा कि हाईमान का दरबार तो हमेशा खुला रहता है। कोई भी जा सकता है। मैंने कभी नहीं सुना कि ढाई-ढाई साल सरकार चलाने का कोई वादा हुआ है। अब किस बात का बदलाव होगा। मौदूदा सरकार ही कांग्रेस का चेहरा है। कहां दिक्कत आ रही है। आधी सरकार सचिन पायलट के साथ खड़ी दिखती है। काैनसी आधी सरकार है। सारी कांग्रेस को अशोक गहलोत ही नेतृत्व कर रहे हैं।

भाजपा में 6 मुख्यमंत्री, सबसे ऊंचा कद वसुंधरा का
धारीवाल ने भाजपा के विपक्ष की भूमिका पर कहा कि उनकी पार्टी में बड़ी लड़ाई है। 6 से 7 लोग मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। लेकिन यह सही है कि वसुंधरा राजे का चेहरा ही सबसे बड़ा है। उनमें से वसुंधरा राजे की हाइट ही बड़ी है।

वसुंधरा की तारीफ नहीं, उनके काम की
धारीवाल ने एक दिन पहले ही जयपुर संभाग की अलवर में चल रही कार्यशाला में कहा था कि वसुंधरा राजे ने 2015 में नगर पालिका अधिनियम 2009 में 69ए धारा जोड़ी थी। मैंने केवल उस काम की तारीफ की थी। इस उप धारा से कई लाख लोगों को पट्टे मिल सकेंगे।

2 करोड़ रोजगार कहां गए
धारीवाल ने केंद्र सरकार पर प्रहार किया। कहा कि केंद्र ने दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया। कहां गया। महंगाई कम करने का अब नाम नहीं ले रहे हैं। यह सब जनता के जहन में है। दूसरी तरफ राजस्थान में सरकार ने 70 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं। आगे ढ़ाई साल में भी बड़े विकास के कार्य कराए जाएंगे।

मंत्रिमण्डल विस्तार गहलोत करेंगे

धारीवाल ने कहा कि मंत्रिमण्डल विस्तार का काम तो अशोक गहलोत ही करेंगे। इसका जवाब भी वहीं दे सकते हैं। इसमें देरी से कितना फर्क पड रहा है या नहीं। इसके बारे में वही बता सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *