Fri. Jun 12th, 2026

एक ही दिन में मानसून के 3 डोज:सुबह, दोपहर और शाम 15-15 मिनट तेज बारिश, सीजन में पहली बार 1 इंच पानी गिरा

उदयपुर यलो अलर्ट के बीच लेकसिटी में बुधवार को भी अच्छी बारिश हुई। सुबह, दोपहर और शाम को बरसात के तीन डोज मिले। शहर में मानसून के 88 दिन में पहली बार एक इंच पानी बरसा। कैचमेंट से आवक के चलते पीछोला, मदार बड़ा तालाब और उदयसागर का जल स्तर इंच-इंच बढ़ रहा है। विभाग के अलर्ट को देखते हुए इस हफ्ते झीलों में आवक बढ़ने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

शहर में सुबह 11, दोपहर 2:30 और शाम 4 बजे बादल बरसे। दिनभर में 24 मिमी पानी गिरा। इस सीजन में बारिश का यह आंकड़ा पहली बार दर्ज किया गया है। कैचमेंट क्षेत्र में हल्की-मध्यम बरसात और आवक बनी रहनी से 60 फीट क्षमता वाले आकोदड़ा बांध का जलस्तर 24 घंटे में 3.5 फीट बढ़कर 10.5 फीट हाे गया।

तीन इंच बढ़त के साथ उदयसागर का वाटर गेज अब 16.5 पर है। बड़ा मदार (24) में 6 इंच पानी बढ़ा है। अब इसका जल स्तर 18.6 फीट है। इधर, सीसारमा नदी में 2 इंच बहाव के चलते पीछाेला का जलस्तर 1 इंच उठा है। इस बीच शहर का तापमान 2 डिग्री गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापन 31.2 औैर न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले यह क्रमश: 33.2 औैर 24.2 डिग्री था।

विशेषज्ञ बोले- पूरे सितंबर में एक्टिव रहेगा मानसून, इस सप्ताह मध्यम-तेज बारिश के आसार

माैसम वैज्ञानिक प्रो. नरपतसिंह राठौड़ बताते हैं कि पिछले सप्ताह बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब का असर अब उदयपुर सहित मेवाड़-वागड़ पर दिख रहा है। यही वजह है कि क्षेत्र में 3 दिन से कहीं तेज तो कहीं हल्की और खंड बारिश हो रही है। इस पूरे सप्ताह मौसम ऐसा ही रहेगा।

मेवाड़ में इस बार मानसून असामान्य है। वजह यह है कि अरब सागरीय मानसून कोंकण तट से आगे नहीं बढ़ पाया है औैर बंगाल की खाड़ी का मानसून उत्तर-पश्चिमी दिशा में तेजी से नहीं बढ़ रहा है। लेकिन मेवाड़ में सितंबर के अन्तिम सप्ताह तक बरसात हाेने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed