तेज बारिश के कारण डैम के खुले गेट:सारणी डैम के पांच गेट खुले, पारसडोह बांध के भी खोले गए तीन गेट
बैतूल जिले में आज सुबह से हो रही बारिश के बाद जिले से निकलने वाली ताप्ती नदी पर बनाए गए पारसडोह बांध का जलस्तर मेंटेन करने के लिए डैम के 3 गेट खोल दिए गए हैं। जबकि सतपुडा बांध के भी 5 गेट खोलकर बांध का जलस्तर मेंटेन किया जा रहा है। इससे निचले इलाकों की नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है।
डैम प्रभारी इसके नागले ने बताया कि गुरुवार सुबह 11:15 बजे डैम के 6 में से 3 गेट 30-30 सेमी तक खोले गए हैं। जिससे 124 क्यूबिक प्रति सेकण्ड पानी छोड़ा जा रहा है। डैम के गेट खोले जाने का यह फैसला, बांध में आ रहे 222 क्यूबिक मीटर प्रति सेकण्ड आ रहे पानी की वजह से लिया गया है। नागले ने बताया कि बांध का लेवल मेंटेन करने के लिए बांध के गेट खोले गए हैं।

सतपुडा का एक गेट खुला
इधर सारणी स्तिथ सतपुड़ा डैम के भी पांच गेट एक फुट तक खोले गए हैं। बुधवार रात आठ बजे बाँध का एक गेट खोला गया था। जिसे अब एक से बढ़ाकर 5 कर दिया है। इससे 4650 सीएफटी पानी लगातार बहाया जा रहा है। बांध का जलस्तर मेंटेन करने के लिए गेटों को खोला गया है। फिलहाल बांध इसकी पूरी क्षमता तक भर चुका है। अब इसमें तवा नदी से आने वाले पानी को बाहर किया जाता रहेगा।
बैतूल में 31 मिमी बारिश दर्ज
बीती रात से यहां रिमझिम बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घण्टो में जिले में 31 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जबकि अगले 24 घंटों में भी यह दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बैतूल समेत दस जिलो में मध्यम से तेज बारिश का अनुमान लगाया है। इस दौरान झोंकेदार हवाओ के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। इधर जिले में औसत वर्षा 1083.9 मिमी की तुलना में अब तक 879.3 मिमी बारिश हुई है।
