Tue. Apr 29th, 2025

मानसून सक्रिय:आनासागर 8 इंच ओवरफ्लो, 1-2 दिन तेज बारिश हुई तो निचली बस्तियों में भरेगा पानी

अजमेर गुजरे तीन दिन में शहर में हुई बारिश के बाद आनासागर छलक गया है। वर्तमान में झील का जलस्तर 13 फीट 8 इंच है। झील से 8 इंच पानी ओवरफ्लो चल रहा है। यदि आने वाले एक-दो दिनों में तेज बारिश होती है ताे निचली बस्तियां जलमग्न हो जाएंगी।

रविवार रात भी शहर में निचली बस्तियों के कुछ मकानों में पानी भर गया था। गत दिनों 14 अगस्त को 12.6 फीट पर जलस्तर स्थिर करके आनासागर के गेट बंद किए गए थे। उस समय जलस्तर कम होने से मछलियों के मरने का सिलसिला शुरू हो गया था। अब सितंबर में वापस मानसून सक्रिय होने आनासागर छलक गया है।

वहीं दूसरी ओर, आनासागर में बारिश के पानी के अलावा एसटीपी प्लांट से करीब 99 लाख यानी 0.35 एमसीएफटी पानी भी रोज साफ होकर मिलता है। इस कारण आनासागर में पानी की आवक बनी रहती है। मालूम हो कि इस वर्ष दो बार स्मार्ट सिटी की ओर से पाथ वे बनाने, एक बार मानसून के पहले और एक बार मानसून के बाद तथा एक बार ताउते तूफान की वजह से आनासागर के गेट खोलकर पानी निकाला गया था।

आनासागर में बारिश का पानी आने से 8 इंच ओवर फ्लो चल रहा है। झील के गेट खोलने और पानी की निकासी करने या नहीं करने को लेकर जो भी जिला प्रशासन आदेश देगा, उसकी पालना की जाएगी।
-आनंद त्रिपाठी, एक्सईएन, अजमेर

बीसलपुर बांध में गुजरे 24 घंटे में महज 4 सेमी पानी की आवक ही हो पाई है। बांध के कैचमेंट एरिया वाले जिलो में बारिश की गति धीमी होने के साथ ही पानी की आवक भी कम हो गई है। सोमवार शाम 6 बजे बांध का जलस्तर 310.80 मीटर तक पहुंच गया। सिंचाई विभाग के एक्सईएन मनीष बंसल ने बताया कि रविवार शाम 6 बजे बांध का जलस्तर 310.76 मीटर था, जो रविवार शाम 6 बजे तक बढ़कर 310.80 मीटर तक पहुंच गया।

गत दिनों भीलवाड़ा जिले के जैतपुरा बांध में पानी की आवक होने के बाद उसके गेट खोले जाने से कुछ हद तक बांध में पानी की आवक बढ़ी थी, मगर अब धीमी हो गई है। वहीं दूसरी ओर चित्तौड़ जिले के गंभीरी बांध अभी ओवर फ्लो नहीं हो पाया है, यह बांध ओवर फ्लो होता है और इसके गेट खोले जाते हैं तो बांध में पानी की आवक बढ़ेगी। गंभीरी बांध में मध्य प्रदेश के मोरवन बांध से पानी की आवक होने की संभावना जताई जा रही है। रविवार शाम तक मोरवन बांध करीब 1 फीट खाली था।

दिनभर उमस, शाम काे कुछ इलाकाें में हल्की बारिश

अजमेर सोमवार को शहर में पूरे दिन कभी धूप खिली रही तो कभी बादल छाए रहे। उमस से लाेग बेहाल रहे, हालांकि शाम 6 बजे के बाद शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश होने कुछ राहत जरूर मिली।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम पारा 31.8 डिग्री तथा न्यूनतम पारा 23.2 डिग्री रहा। सुबह की आर्द्रता 93 और शाम की आर्द्रता 64 प्रतिशत रही। मौसम विभाग ने इस मानसून सीजन में अब तक 455.4 एमएम बारिश दर्ज की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *