Wed. May 7th, 2025

सैमसन ने इंडियन प्रीमियर लीग में बनाए 3 रिकॉर्ड:हैदराबाद के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने; IPLमें पूरे किए 3000 रन

IPL 2021 फेज-2 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान संजू सैमसन ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में 65 रन बनाते ही IPLमें 3000 रन पूरे कर लिए। यही नहीं, वे राजस्थान रॉयल्स की ओर से 2500 रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बन गए। संजू सैमसन ने इस मैच में 57 गेंदों पर 82 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के जड़े।

IPLमें तीन हजार पूरा करने वाले 19 वें खिलाड़ी
संजू सैमसन IPLमें 3000 रन पूरे करने वाले 19वें खिलाड़ी बने। उनके IPLमें अब 117 मैचों में कुल 3017 रन हो गए हैं। उन्होंने ये रन 29.87 की औसत से बनाए हैं। IPLमें उनके नाम तीन शतक हैं। उनमें एक शतक उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ इसी सीजन में बनाया है। राजस्थान के अलावा संजू दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए भी खेल चुके हैं।

IPL में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की बात करें, तो टॉप चार में भारतीय ही शामिल हैं। RCB के कैप्टन विराट कोहली 6186 रन बनाकर टॉप पर हैं। जबकि, दिल्ली कैपिटल्स के शिखर धवन 5627 रन बनाकर दूसरे, मुंबई इंडियंस के कैप्टन रोहित शर्मा 5556 रनों के साथ तीसरे और सुरेश रैना 5523 रनों के साथ चौथे स्थान पर हैं।

राजस्थान से 2500 रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने सैमसन
सैमसन IPL में इस पारी की बदौलत राजस्थान से 2500 रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बने। उनसे पहले अंजिक्य रहाणे ने 2500 रन बनाए थे। अजिंक्य अभी दिल्ली कैपिटल्स की टीम में हैं। सैमसन ने राजस्थान से कुल 95 मैचों में 31.25 की औसत से 2532 रन बनाए हैं। उन्होंने दो शतक के अलावा 15 अर्धशतक भी लगाए हैं।

सनराइजर्स के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने
सनराइजर्स के साथ खेली गई पारी के बाद संजू इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उनके सनराइजर्स के खिलाफ 615 रन हो गए हैं। उनके बाद शेन वॉटसन हैं, जिन्होंने सनराइजर्स के खिलाफ 566 रन बनाए हैं। इन दोनों के बाद विराट कोहली (564), सुरेश रैना (535), एबी डिविलियर्स (530) हैं।

ऑरेंज कैप की रेस में संजू सबसे आगे
सनराइजर्स के खिलाफ 82 रन बनाने के बाद संजू इस सीजन में ओरैंज कैप की रेस में भी आगे निकल गए हैं। उन्होंने शिखर धवन को पीछे करते हुए पहले स्थान पर कब्जा कर लिया है। उनके अब इस सीजन 10 मैचों में 433 रन हो गए हैं। वहीं, शिखर धवन के 10 मैचों में 430 रन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *