Wed. Apr 30th, 2025

कल से नामांकन:जिला क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव 17 को, विरोधियों को भी जगह संभव

उदयपुर राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के प्रमुख संघ उदयपुर जिला क्रिकेट संघ के चुनाव 17 अक्टूबर को राजपूताना रिसोर्ट में होंगे। नामांकन चार दिन पहले यानी 13 अक्टूबर से शुरू होंगे। चुनाव से पहले राजसमंद के बाद अब उदयपुर में भी क्रिकेट के विकास को लेकर निर्विरोध कार्यकारिणी गठित करने की तैयारी चल रही है। जिला संघ में दबदबा रखने वाले महेंद्र शर्मा गुट के पदाधिकारी चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन कर रहे हैं।

माना जा रहा है कि इस बार विरोधी गुट के प्रतिनिधियों को भी कार्यकारिणी में जगह मिल सकती है। साथ ही कार्यकारिणी के वर्तमान पदाधिकारियों के पद भी बदले जा सकते हैं। अब तक 2013-17 और 2017-21 के चुनावों में महेंद्र शर्मा गुट को 26-12 से जीत मिली थी। इससे पहले 2009 में कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ था। इस बार 8 साल पुराना इतिहास दोहराया जा सकता है।

पहली बार 21 पदों के लिए होंगे चुनाव

19 सितंबर को संविधान संशोधन के बाद कार्यकारिणी में पदाधिकारियों की संख्या 17 से 21 हो गई थी। पहली बार 21 पदों के लिए चुनाव होने जा रहे हैं। इसमें प्रेसीडेंट, डिप्टी प्रेसीडेंट, सेक्रेट्री, ट्रेजरार, 5 वाइस प्रेसीडेंट, 4 जॉइंट सेक्रेट्री, पीआरओ और 7 कमेटी मेंबर चुने जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 13 और 14 अक्टूबर को नामांकन, 15 को दस्तावेजों की जांच, 16 को नाम वापसी होगी। चुनाव 17 को होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *