Tue. Apr 29th, 2025

कल से बादल छंटेंगे, उत्तरी हवाओं से बढ़ेगा सर्दी:मौसम में बदलाव से दिन का तापमान 33 व रात को 22 डिग्री पहुंचा

बाड़मेर शहर में अलसुबह व शाम के बाद तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। हालांकि तापमान में ज्यादा गिरावट बादलों की आवाजाही की वजह से नहीं हो पाई। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इस माह के अंत तक न्यूनतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। वहीं अधिकतम तापमान भी उतरने लगेगा। मौसम में बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद ही दिखाई देगा।

देश के पश्चिमी हिस्से में होने की वजह से यहां पश्चिमी विक्षोभ का असर ज्यादा दिखाई देता है। शहर में साेमवार को भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दिया। शहर में बादलों की आवाजाही जारी रही। शहर का न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री व अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार साेमवार को उत्तरी राजस्थान, पाकिस्तान व पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ का असर था। यह असर अब मंगलवार से कम हो जाएगा।

आगे क्या: आज से बढ़ेगी ठिठुरन: शहर में पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद पश्चिमी हवाएं चलना बंद हो जाएंगी और हवाओं का रुख उत्तरी हो जाएगा। मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से देश के उत्तरी इलाकों में बर्फबारी हुई है। बादल गुजरने के बाद हवाओं का रुख जब उत्तरी होगा तो वहां से ठंडी हवाएं आएंगी और ये हवाएं तापमान को कम कर ठिठुरन बढ़ाएगी।

पश्चिमी विक्षोभ का असर कल तक ही रहेगा
पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले 24 घंटे तक दिखाई देगा। इसके चलते शहर में हल्के बादलों की आवाजाही हो सकती है। हालांकि इसका असर आंशिक ही रहेगा। बुधवार से पश्चिमी विक्षोभ गुजर जाएगा तथा इसके बाद बादल आना बंद हो जाएंगे। इससे दिन का तापमान बढ़ने लगेगा तथा न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावनाएं बनने लगेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *