ठंडी हवाओं से बढ़ी सर्दी:फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री, एक दिन में ही 2.7 डिग्री लुढ़का पारा

सीकर प्रदेश में सबसे ठंडे माने जाने वाले फतेहपुर में सर्दी ने अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र में बुधवार सुबह का न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले मंगलवार को फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि फतेहपुर सहित पूरे जिले में कहीं भी कोहरे और ओस जैसी स्थिति देखने को नहीं मिली है। ठंडी हवाओं के चलते सर्दी बढ़ी है। ऐसे में सुबह से ही लोग अपने घरों से देर से निकले। साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन आदि पर लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव तापते हुए नजर आए। कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर की माने तो क्षेत्र में अभी 2 दिन तक मौसम शुष्क रहेगा। जिसके चलते तापमान में उतार-चढ़ाव भी होगा ।
कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर के बाबूलाल कुमावत ने बताया कि नवंबर में पूरे महीने क्षेत्र में मौसम शुष्क बना रहा। जिसके चलते तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव हुआ। दिसंबर महीने के शुरू में ही प्रदेश में कई इलाकों में मावठ की बारिश हुई। जिले में भी कुछ इलाकों में 2 दिन तक हल्की बारिश हुई। जिसके बाद मौसम में परिवर्तन हुआ। 2 दिन तक लगातार तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। लेकिन अब 7 दिसंबर से 10 दिसंबर तक जिले में मौसम शुष्क बना रहेगा। जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव भी होगा। हालांकि उत्तरी ठंडी हवाओं से सर्दी भी बढ़ेगी।
फतेहपुर में 4 दिनों का न्यूनतम तापमान
5 दिसंबर – 7 डिग्री
6 दिसंबर – 8 डिग्री
7 दिसंबर – 3.5 डिग्री
8 दिसंबर – 0.8 डिग्री