सरकार ने मंजूरी दी:चित्ताैड़ में खुलेगा बीएससी नर्सिंग काॅलेज, 60 सीटें, नए सेशन में शुरू हाे जाएगा पहला बैच
चित्ताैड़गढ़ राज्य सरकार ने 2021 के अंतिम दिन जिले काे नया ताेहफा दिया है। जिला मुख्यालय पर बीएससी नर्सिंग काॅलेज खुलेगा। संभवतया नए सत्र 2022-23 से ही इसकी शुरुआत भी हो जाएगी। जब तक इसका अलग भवन नहीं बनेगा यह काॅलेज वर्तमान में निर्माणाधीन मेडिकल काॅलेज परिसर में ही संचालित किया जाना प्रस्तावित है। राज्य सरकार ने कुछ जिलाें में बीएससी नर्सिंग कॉलेज खोलने की प्रशासनिक अनुमति जारी की।
इस घोषणा चित्ताैड़ जिला भी शामिल नहीं था। पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने बताया कि जिला मुख्यालय पर बीएससी नर्सिंग काॅलेज की मांग काे गंभीरता से लेते हुए 2021 के अंतिम दिन शुक्रवार शाम चित्ताैड़ काे यह ताेहफा दिया है।
बीएससी नर्सिंग कॉलेज खाेलने की स्वीकृति चिकित्सा शिक्षा विभाग के शासन सचिव डाॅ. शशिकांत शर्मा ने जारी कर दी है। इसी सत्र से काॅलेज के संचालन की उम्मीद है। यह काॅलेज वर्तमान में निर्माणाधीन मेडिकल काॅलेज परिसर में खुलेगा। मंजूरी के साथ ही कॉलेज में 60 सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश मिलेगा।
जिला मुख्यालय पर अभी तक सिर्फ जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र ही संचालित
जिला मुख्यालय पर अभी तक जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र ही रहा है। यहां पर सरकारी स्तर पर बीएससी नर्सिंग कॉलेज नहीं हाेने से स्टूडेंट्स काे काेर्स के लिए प्राइवेट काॅलेजाें या दूसरे जिलाें में जाना पड़ता था। अब यहां पर कॉलेज इसी सत्र से शुरू होने पर बीएससी नर्सिंग करने वालों के लिए राह प्रशस्त हो जाएगी। पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने बताया कि शुरुआत बीएससी नर्सिंग से हाेगी। इसके बाद एमएससी नर्सिंग में भी प्रवेश मिलेगा।
