Wed. Jul 1st, 2026

केएल राहुल ओपनर हैं या मध्यक्रम के बल्लेबाज? दिग्गज तेज गेंदबाज ने कहा- टीम इंडिया जल्द करे फैसला

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में ओपनिंग की थी। इसे लेकर उनकी जमकर आलोचना हुई। राहुल ने पिछले साल वनडे में मध्यक्रम में बल्लेबाजी की थी। राहुल ओपनिंग में कोई कमाल नहीं कर सके और मध्यक्रम में ढह गया। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में माना जा रहा है कि वे मध्यक्रम में खेलेंगे। उनके क्रम में लगातार बदलाव को देखकर भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज अजीत अगरकर ने टीम इंडिया को अहम सलाह दी है।

अगरकर को लगता है कि टीम को यह तय करने की जरूरत है कि उप-कप्तान केएल राहुल आगे ओपनिंग करेंगे या मध्यक्रम के बल्लेबाज के रूप में खेलेंगे। टीम इंडिया छह फरवरी से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। इसके बाद 16 फरवरी से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में तीन टी20 मैचों की सीरीज होगी।

अगरकर ने कहा, “मुझे लगता है कि टीम इंडिया को यह तय करने की जरूरत है कि केएल राहुल सलामी बल्लेबाज हैं या मध्य क्रम के बल्लेबाज हैं। वे दक्षिण अफ्रीका में कप्तान थे और उन्होंने जैसा प्रदर्शन किया वह मेरे लिए थोड़ा निराशाजनक था। वे चौथे और पांचवें नंबर पर काफी सफल रहे हैं। मुझे लगता है कि टीम इंडिया इसी नंबर पर उन्हें देख रही है।”

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि चूंकि टीम के पास इस क्रम को आजमाने के लिए बहुत सारे विकल्प हैं, इसलिए यह निश्चित नहीं है कि राहुल ओपनिंग करते हुए भविष्य में दिखेंगे या नहीं। अगरकर ने कहा, “आपके पास ईशान किशन या यहां तक कि ऋषभ पंत जैसे विस्फोटक खिलाड़ी हैं। उन्हें शीर्षक्रम में मौका दीजिए। हो सकता है कि यह प्रयोग सफल भी हो सकता है।”

वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, शिखर धवन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *