10 जिलों में चलेगी धूलभरी आंधी:बाड़मेर में तीन साल में फरवरी का सबसे गर्म दिन रहा, तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचा
जयपुर पश्चिमी राजस्थान में आज धूलभरी आंधी चल सकती है। मौसम विभाग ने जोधपुर-बीकानेर संभाग में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका जताई है। वहीं पूर्वी राजस्थान के अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में भी कहीं-कहीं तेज हवा चल सकती है।
मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि धूलभरी आंधी का सबसे अधिक असर जोधपुर व बीकानेर संभाग के 10 जिलों में रहेगा। वहीं पाकिस्तान से आ रही गर्म हवा के कारण राज्य में दिन गर्म होने लगे हैं। कई शहरों के दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई है। बाड़मेर, जोधपुर, जालोर जिलों में सोमवार दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड हुआ था। बाड़मेर 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा, जो पिछले 3 साल में फरवरी का सबसे गर्म दिन रहा।
19 जिलों में दिन का पारा 30 डिग्री सेल्सियस
सीकर, हनुमानगढ़ को छोड़ शेष सभी शहरों में रात का तापमान डबल डिजिट में पहुंच गया है। 33 में से 19 जिलों में कल दिन का पारा 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, गंगानगर, चूरू, बूंदी, कोटा और झुंझुनूं में भी पारा 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ है। जयपुर, सीकर, बारां, सवाई माधोपुर, करौली में तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दिन के साथ ही रात के तापमान में भी इजाफा हो रहा है।
सीकर रहा सबसे सर्द
सबसे ठंडी रात सीकर जिले में रही, जहां का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। बाड़मेर, जैसलमेर, फतेहपुर, अजमेर, नागौर, पाली, जोधपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। इन शहरों में अब सुबह-शाम गुलाबी सर्दी का अहसास होना शुरू हो गया।
प्रदेश प्रमुख शहरों का आज का तापमान
| शहर | अधिकतम ( सोमवार का ) | न्यूनतम |
| सीकर | 29 | 7 |
| हनुमानगढ़ | 27.9 | 9.7 |
| चित्तौड़गढ़ | 30.7 | 10 |
| अलवर | 29.1 | 10.3 |
| सवाई माधोपुर | 29.9 | 10.9 |
| भीलवाड़ा | 32.4 | 11.3 |
| गंगानगर | 30.7 | 11.5 |
| बारां | 29.9 | 11.9 |
| बूंदी | 31 | 12.5 |
| चूरू | 30.7 | 12.5 |
| पिलानी | 30.2 | 13.1 |
| उदयपुर | 31.8 | 13.1 |
| धौलपुर | 28.6 | 13.2 |
| कोटा | 30 | 14.3 |
| टोंक | 30.6 | 15.4 |
| बीकानेर | 32.4 | 15.5 |
| जयपुर | 29 | 15.8 |
| डूंगरपुर | 34.6 | 15.7 |
| अजमेर | 31.4 | 17.1 |
| बाड़मेर | 36.9 | 17.5 |
| पाली | 33.4 | 17.6 |
| जैसलमेर | 35.8 | 17.2 |
| नागौर | 32.3 | 17.1 |
| जालोर | 35.1 | 17 |
| जोधपुर | 34 |
