Mon. May 25th, 2026

अगले मैच तक फिट हो जाएगा दिल्ली कैपिटल्स का यह तूफानी गेंदबाज, रिकी पोंटिंग ने दी जानकारी

पुणे, दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग को उम्मीद है कि दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नोत्र्जे आइपीएल में खेलने के लिए जल्द फिट हो जाएंगे तथा लखनऊ सुपरजाइंट्स के खिलाफ सात अप्रैल को होने वाले मैच में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।

नोत्र्जे पीठ और कूल्हे की चोट के कारण पिछले साल नवंबर में टी-20 विश्व कप से ही प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से बाहर हैं। पोंटिंग ने कहा, ‘नोत्र्जे ने अभ्यास के दौरान अपनी पूरी क्षमता से गेंदबाजी की। उन्हें अभी अपनी पूरी क्षमता से चार और पांच स्पेल और करने होंगे और तब मुझे लगता है कि उन्हें क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका से खेलने की अनुमति मिल जाएगी। हमारे अगले मैच में अभी कुछ दिन का समय है, इसलिए उम्मीद है कि वह अगले मैच में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।

आस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर और मिशेल मार्श की उपलब्धता के बारे में पूछे जाने पर पोंटिंग ने कहा, ‘वार्नर मुंबई पहुंच गए हैं। मिशेल मार्श पिछले कुछ दिनों से मुंबई में हैं और अभी क्वारटाइंन में हैं। हमें उम्मीद है कि वह (मार्श) 10 अप्रैल को (कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ) होने वाले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। पाकिस्तान में उनके कूल्हे में चोट लग गई थी और कुछ अभ्यास सत्र के बाद वह चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *