Mon. May 25th, 2026

ऋषभ पंत ने इन दो खिलाड़ियों को दिया दिल्ली कैपिटल्स की जीत का क्रेडिट, बताया क्यों थे नर्वस

आईपीएल दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने बुधवार को यहां पंजाब किंग्स पर जीत दर्ज करने के बाद कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच शुरू होने से पहले कोविड-19 मामला सामने आने से काफी अनिश्चितता बनी हुई थी कि यह खेला जायेगा या नहीं.

पंत ने अपने तीनों स्पिनरों के प्रदर्शन की प्रशंसा की जिनकी बदौलत टीम पंजाब किंग्स को 115 रन के स्कोर पर समेटने में सफल रही. साथ ही उन्होंने सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (नाबाद 60) और पृथ्वी शॉ के प्रदर्शन की भी तारीफ की जिनकी मदद से टीम ने 10.3 ओवर में नौ विकेट की आसान जीत दर्ज की.

दिल्ली कैपिटल्स के टिम सिफर्ट को सुबह हुई कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाया गया था जिसके कारण मैच के आयोजन पर संदेह बन गया था. पंत ने मैच के बाद कहा, ‘‘कोविड को लेकर काफी संदेह बना हुआ था. खिलाड़ी भी संदेह में थे. हम थोड़े नर्वस भी थे क्योंकि बात चल रही थी कि इसे रद्द भी किया जा सकता है. लेकिन हमने बतौर टीम बात की और पूरा ध्यान मैच पर लगाया.’’

वॉर्नर के अर्धशतक और पृथ्वी (41) के साथ पहले विकेट के लिये 83 की साझेदारी से टीम ने आसानी से यह छोटा सा लक्ष्य हासिल कर लिया. उन्होंने वॉर्नर और पृथ्वी के बारे में कहा, ‘‘ज्यादातर मैं उन्हें खुलकर खेलने देता हूं क्योंकि वे अपनी भूमिकायें जानते हैं. ’’ पंत ने गेंदबाजों के बारे में कहा, ‘‘पिच से स्पिनरों को मदद मिल रही थी और हमारे तीनों स्पिनरों ने शानदार गेंदबाजी की.’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *