Fri. Nov 27th, 2026

आरकेजी इंडियन 10-रेड तृतीय स्नूकर प्रतियोगिता आज से

बिलियर्ड एंड स्नूकर फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएसएफआई) से संबद्ध देवभूमि बिलियर्ड एंड स्नूकर एसोसिएशन के तत्वावधान में गुरुवार से आरकेजी इंडियन 10-रेड तृतीय स्नूकर प्रतियोगिता बोट हाउस में आयोजित की जाएगी। 8 मई को फाइनल के बाद विजेता-उपविजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। मुख्य अतिथि बीएसएफआई के महासचिव सुनील बजाज होंगे। वह पूरी प्रतियोगिता के दौरान मौजूद भी रहेंगे।

बोट हाउस क्लब में बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजक संस्था आरकेजी स्नूकर्स के अध्यक्ष रवींद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में 24 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले खिलाड़ी को 1 लाख रुपये व ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि द्वितीय को 60 हजार व तृतीय व चतुर्थ खिलाड़ी को 35-35 हजार रुपये समेत कुल 5.25 लाख रुपये की पुरस्कार धनराशि दी जाएगी। उन्होंने संबंधित पुस्तक के विमोचन की भी जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि एमपी बिलियर्ड एंड स्नूकर एसोसिएशन के संयुक्त सचिव अश्विनी होंगे। इस मौके पर देवभूमि बिलियर्ड संस्था के सचिव पंकज कुकरेजा, उपाध्यक्ष मनमीत भाटिया आदि मौजूद रहे।

ये खिलाड़ी कर रहे प्रतिभाग

प्रतियोगिता में अर्जुन अवार्डी वर्ल्ड चैंपियन सौरभ कोठारी, 6-रेड वर्ल्ड चैंपियन लक्ष्मण रावत, 6-रेड वर्ल्ड सिल्वर मेडलिस्ट कमल चावला, एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट रफत हबीब, वर्ल्ड टीम स्नूकर गोल्ड मेडलिस्ट मनन चंद्रा, एशियन गेम्स सिल्वर मेडलिस्ट बृजेश धामी भी प्रतिभाग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed