रियल मैड्रिड 17 वीं बार UEFA चैंपियंस लीग फाइनल में:सेमीफाइनल के दूसरे लेग में मैनचेस्टर सिटी को 3-1 से हराया; 29 मई को लिवरपूल से मुकाबला
स्पेनिश क्लब रियल मैड्रिड ने मैनचेस्टर सिटी को 6-5 से हराकर UEFA चैंपियंस लीग के फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल के दूसरे लेग में रियल मैड्रिड ने मैनचेस्टर सिटी को एक्सट्रा टाइम में 3-1 से हराया। फाइनल में मैड्रिड का मुकाबला इंग्लिश क्लब लिवरपूल से होगा। यह खिताबी मुकाबला 29 मई को पेरिस के स्टेड डि फ्रांस स्टेडियम में खेला जाएगा।
सेमीफाइनल के दूसरे लेग बुधवार को खेले गए मैच में रोड्रिगो ने दो और करीम बेंजेमा ने 1 गोल दाग कर टीम को 3-1 से जीत दिलाई।
रियल मैड्रिड ने आखिरी मिनट में 3 गोल दागे
पहले हाफ तक दोनों टीमों गोल नहीं कर सकीं। हाफ टाइम के बाद 73 वें मिनट में रियाद माहरेज ने गोल दागकर मैनचेस्टर सिटी को 1-0 की बढ़त दिला दी थी। ऐसा लग रहा था कि मैनचेस्ट को दूसरे लेग में जीत मिलेगी, पर आखिरी टाइम में रियल मैड्रिड ने 3 गोल दाग कर पूरा मैच ही पलट दिया। मैड्रिड के लिए पहला गोल 90वें मिनट में रोड्रिगो ने दागा। साथ ही टीम को पेनल्टी भी मिली। इस पेनल्टी को करीम बेंजेमा ने गोल कर टीम को 2-1 से बढ़त दिला कर बाजी मैड्रिड के पक्ष में कर दी। वहीं एक्सट्रा टाइम में रोड्रिगो ने अपना दूसरा गोल दागकर रियल को 3-1 से जीत दिलाई।
17 वीं बार रियल मैड्रिड पहुंची फाइनल में
रियल मैड्रिड 17वीं बार चैंपियंस लीग के फाइनल में पहुंची है और अब तक 13 बार खिताब अपने नाम किया है, जबकि 4 बार उपविजेता रही है। वहीं लिवरपूल ने 7वीं बार खिताब जीतने के लिए फाइनल में मैड्रिड के साथ भिड़ेगी। लिवरपूल और बायर्न म्यूनिख ने 6-6 बार खिताब अपने नाम किया है।
मैनेजर कार्लो सबसे ज्यादा बार फाइनल खेलने वाले मैनेजर बनेंगे
मैड्रिड के फाइनल में पहुंचने के साथ ही क्लब के मैनेजर कार्लो एंसेलोटी भी इतिहास रचने के करीब पहुंच गए हैं। वह पहले मैनेजर होंगे, जो 5वीं बार चैंपियंस लीग के फाइनल खेलेंगे। उन्होंने मैनेजर रहते हुए रियल मैड्रिड को दूसरी बार फाइनल में पहुंचाया है। इससे पहले 2014 में यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके अलावा कार्लो ने तीन बार (2003, 2005, 2007) मैनेजर रहते हुए एसी मिलान को भी चैम्पियंस लीग के फाइनल में पहुंचाया था।
