पालिका बोर्ड बैठक में वर्ष 2022-23 का बजट किया पारित
नई टिहरी: नगर पालिका परिषद टिहरी की बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें अनुमानित आय 29,49,85,241 तथा 29,68,00,000 व्यय का बजट पारित किया गया।
पालिका अध्यक्ष सीमा कृषाली की अध्यक्ष में आयोजित बोर्ड बैठक में अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार पंत ने बताया कि मार्च 2022 तक पालिका के विभिन्न स्त्रोतों एवं संपत्तियों से 66,31,049.00 की धनराशि बकायेदारों पर कई वर्षो से शेष चल रही है, जिसकी वसूली की जानी है। जिस पर बोर्ड ने निर्णय लिया कि आगामी वित्तीय वर्ष में बकाया राशि की वसूली भू-राजस्व के माध्यम से की जाएगी। बोर्ड ने नगर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त मुख्य सड़कों, आंतरिक मार्गो की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए नाराजगी जताई। निर्णय लिया कि इस संबंध में अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोनिवि एवं अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग श्रीनगर को तत्काल कार्रवाई के लिए कहा जाए।
नगर क्षेत्र में पालीथिन की रोकथाम एवं सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। बोर्ड ने पालिका की आय के स्त्रोतों में वृद्धि करने के लिए सरकारी, राजकीय कार्यालयों, भवनों से भवन कर वसूल करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पालिका के सभासद खेमराज रावत, प्रदीप रावत, सतीश चमोली, विश्वजीत नेगी, साजिदा, अनिता थपलियाल, अधिशासी अधिकारी अनिल पंत, मुख्य लिपिक सोवन सिंह नेगी, अपर सहायक अभियंता प्रमोद नेगी, सफाई निरीक्षक प्रीतम सिंह आशीष तोपवाल, शिव सिंह सजवाण, गंभर सिंह कंडवाल आदि मौजूद थे