भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल का छात्र शिवांग नीट परीक्षा में उत्तराखंड में द्वितीय
रुद्रपुर। भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल के 12वीं के छात्र शिवांग सक्सेना ने नीट में उत्तराखंड में द्वितीय और ऊधमसिंह नगर में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल, जिले व राज्य का नाम रोशन किया है। विद्यालय के प्रबंधक भरत गोयल ने छात्र की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया और अन्य छात्र-छात्राओं को शिवांग की इस उपलब्धि से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य रश्मि आनंद व उप प्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह ने भी छात्र को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पंतनगर विवि परिसर निवासी शिवांग ने पहले प्रयास में ही नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेंस टेस्ट (एनईईटी) में ऑल इंडिया 167 रैंक हासिल की है। शिवांग की इस सफलता से उनके परिवार में जश्न का माहौल है और पारिवारिक मित्र व परिचित घर पहुंचकर उन्हें बधाई दे रहे हैं।
जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में प्राध्यापक डॉ. रवि सक्सेना व गृहिणी रेखा सक्सेना के पुत्र शिवांग ने जेसीज पब्लिक स्कूल रुद्रपुर से 10वीं में 99.6 प्रतिशत व भारतीयम पब्लिक स्कूल रुद्रपुर से 12वीं में 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉपर्स सूची में स्थान बनाया था। शिवांग ने बताया कि उनके पिता उन्हें शुरू से ही कुछ बेहतर करने और मां हमेशा उन्हें डॉक्टर बनने के लिए प्रेरित करती रहीं।
इसके बाद उन्होंने अपना लक्ष्य निर्धारित किया और तैयारी के दौरान कोचिंग व स्कूल में की गई पढ़ाई का रिवीजन करते रहे। उन्होंने हर समय किताबों से न चिपके रहकर जब भी पढ़ने बैठे मन लगाकर पढ़ाई की। इस दौरान उन्होंने मोबाइल व सोशल मीडिया आदि से दूरी बनाए रखी। उनकी इस रणनीति ने उन्हें एनईईटी की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने में मदद की। शिवांग को स्ट्रेस से दूर रहने के लिए गाने सुनना पसंद है। उनका लक्ष्य डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना है। वह अपनी सफलता का श्रेय परिजनों व गुरुजनों को देते हैं।
