सुबोध उनियाल बोले- घोटालेबाज कितनी भी पहुंच वाले हों, बचेंगे नहीं; भर्ती प्रकरण में सीएम के सख्त रुख को सराहा
मसूरी: वीपीडीओ भर्ती में की गई बड़ी कार्रवाई के साथ अन्य भर्ती प्रकरणों में धामी सरकार की ओर से उठाए जा रहे सख्त कदमों पर तकनीकी शिक्षा एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का स्पष्ट निर्णय है कि कोई भी घोटालेबाज बच नहीं पाएगा, फिर चाहे वह कितना बड़ा अधिकारी ही क्यों न हो। साथ ही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसते हुए उनियाल ने कहा कि कांग्रेस को भारत जोड़ो के स्थान पर कांग्रेस जोड़ो यात्रा निकालनी चाहिए
रविवार को मसूरी में एक स्कूल के स्थापना दिवस में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए मंत्री सुबोध उनियाल समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान एक प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि सरकार वनों की सुरक्षा के साथ ही वनों के विकास की पक्षधर है। इस दिशा में सरकार जनता की भागीदारी सुनिश्चित कर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि मसूरी की वन संबंधी समस्याओं का समाधान करने के लिए एक अहम बैठक आयोजित करने वाले हैं, जिसमें विचार-विमर्श किया जाएगा कि वन संरक्षण अधिनियम के अनुसार कितनी छूट दी जा सकती है। मंत्री ने यह भी कहा कि उक्त बैठक में मसूरी में प्रस्तावित भिलाड़ू स्टेडियम के मसले पर भी मंथन किया जाएगा।
