Mon. Jul 13th, 2026

अंडर-17 महिला विश्व कप के लिए तैयार हुआ कलिंगा स्टेडियम, देखें तस्वीरें

भुवनेश्वर,  फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप की मेजबानी के लिए यहां का कलिंगा स्टेडियम नवीनीकृत सीटें, नई पिच और विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ तैयार है। इस स्टेडियम में ग्रुप-ए के पांच मैच होंगे, जिसमें चार देश भारत, अमेरिका, मोरक्को और ब्राजील एक-दूसरे से खेलेंगे। इसके अलावा यह स्टेडियम नाइजीरिया और चिली के बीच खेले जाने वाले ग्रुप-बी के एक मैच की मेजबानी करेगा। इस स्टेडियम में मंगलवार को उद्घाटन समारोह के साथ दो मुकाबले खेले जाएंगे।

दो फुटबाल प्रशिक्षण केंद्र भी बनाया गया है

ओडिशा के खेल सचिव विनील कृष्णा ने कहा कि प्रशासन ने 30 अक्टूबर तक चलने वाले टूर्नामेंट के लिए पूरे स्टेडियम की रूप रेखा बदलने के लिए कई परियोजनाएं शुरू की थी, जिसमें मैदान के साथ दर्शकदीर्घा में सुधार भी शामिल है। यह ओडिशा और कलिंगा परिसर के लिए एक और उपलब्धि है जो राज्य के उन दो स्थानों में से एक होगा जहां अगले साल पुरुष एफआइएच हाकी विश्व कप के मैच खेले जाएंगे।

कृष्णा ने कहा, ‘विश्व कप के लिए हमने फीफा के मानकों के अनुसार एक मुख्य पिच और प्राकृतिक घास के साथ चार अभ्यास मैदान तैयार किए हैं। हमने दो फुटबाल प्रशिक्षण केंद्र भी बनाए हैं। स्टेडियम की सीटों को नई कुर्सियों से बदल दिया गया है, लेकिन बैठने की क्षमता में इजाफा नहीं हुआ है, जो पहले की तरह 12,000 ही है।’

भारत मंगलवार से शुरू हो रहे फीफा महिला अंडर-17 विश्व कप में स्पष्ट तौर पर कमजोर टीम में शामिल है, लेकिन मुख्य कोच थामस डेनरबी ने रविवार को कहा कि मेजबान टीम के पास गंवाने के लिए कुछ नहीं है और वह आयु वर्ग की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए तैयार हैं।भारत मंगलवार को यहां अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के विरुद्ध करेगा और डेनरबी ने कहा कि समय आ गया है कि टीम दिखाए कि वे दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकती है।

डेनरबी ने कहा,’यह अब सिर्फ नतीजे पर निर्भर नहीं करता है। यह प्रदर्शन करना और दिखाना है कि भारतीय लड़कियां फुटबाल खेल सकती हैं, लेकिन टीम के भीतर हमारे अपने लक्ष्य हैं और हम उनके लिए चुनौती पेश करने के लिए तैयार हैं।’ उन्होंने कहा, ‘हम अमेरिका, ब्राजील या मोरक्को के विरुद्ध अंक हासिल करने और गोल करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। हम भारतीय प्रशंसकों को दिखाएंगे कि हमारी टीम अच्छी है। मुझे आशा है कि हम अब तैयार हैं।’ भारत अपने अन्य ग्रुप मुकाबले मोरक्को और ब्राजील के विरुद्ध क्रमश: 14 और 17 अक्टूबर को खेलेगा। चार टीम के प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीम क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed