Mon. Jul 13th, 2026

कृमि रोग से बचाव को जागरूक किया

डोईवाला और आसपास क्षेत्र में राष्ट्रीय कृमि उन्मूलन दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। विभिन्न संस्थाएं कृमि उन्मूलन को लेकर जागरूकता अभियान चला रही हैं।

शुक्रवार को राष्ट्रीय कृमि उन्मूलन दिवस के उपलक्ष्य में हिमालयन इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग ने मायाकुंड में कार्यक्रम आयोजित किया। जिसके तहत बच्चों को कृमि उन्मूलन की दवाई एल्बेंडाजॉल खिलाई गई और बच्चों को कृमि से बचाव की जानकारी दी गई। विभागाध्यक्ष डॉ.जयंती सेमवाल ने कहा कि कृमि मुक्ति दवा एल्बेंडाजोल की गोली एक से दो साल तक के बच्चों को आधी देनी चाहिए। तीन से 19 वर्ष के बच्चों को एक गोली खिला सकते हैं। इस दवा का सेवन हरेक छह माह में किया जाना चाहिए। डॉ. शैली व्यास ने बच्चों से कहा कि बीमारी व कृमि के प्रभाव से बचने के लिए स्वच्छ रहें। खाना खाने से पहले हाथों को अच्छी तरह धोएं। खेल के दौरान गंदगी वाले जगह से दूर रहें। डॉ.अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि कृमि मुक्ति अभियान के लिए को सफल बनाने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। मौके पर डॉ. शैली व्यास, डॉ. अशोक श्रीवास्तव, प्रतिभा गुप्ता, मंजू अग्रवाल, सरस्वती रावत, सरोजनी चौहान, निशा नेगी, आभा रानी आदि उपस्थित रहे। उधर, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत राजकीय महाविद्यालय डोईवाला के रोवर्स रेंजर्स इकाई ने आर्य नगर में जन जागरूकता रैली का निकाल लोगों को जागरूक किया। रैली, नारों, स्लोगनों के द्वारा घनी बस्तियों में सरकार द्वारा कृमि उन्मूलन के संबंध में चलाए जाने वाले अभियान के फायदों को लोगों को बताया गया। मौके पर रोवर्स एवं रेंजर्स के प्रभारी डॉ. एसएस बलूड़ी, डॉ. रेखा नौटियाल, डॉ. अंजली वर्मा, डॉ. त्रिभुवन सिंह खाली, डॉ. पूर्ण सिंह खाती उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed