पिथौरागढ़ में आज से होगा शरदोत्सव, सीएम करेंगे शुभारंभ

पिथौरागढ़। देव सिंह मैदान में शरदोत्सव एवं विकास प्रदर्शनी आज से शुरू होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शरदोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वह विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम पुष्कर धामी शनिवार दोपहर 12:45 बजे नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंचेंगे जहां से वह कार से 1.10 बजे लोनिवि विश्राम गृह पहुंचेंगे। इस दौरान ‘मुख्य सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनसंवाद करेंगे। इसके बाद वह महिला संगठनों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से वार्ता करेंगे।
कार्यक्रम में दोपहर बाद तीन बजे से महिला संगठनों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों से भेंटवार्ता, 3:30 बजे प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद और चार बजे पंचायत प्रतिनिधियों से बात करेंगे। इसके बाद वह देव सिंह मैदान में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास और शरदोत्सव का शुभारंभ करेंगे। वह भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
13 नवंबर की सुबह सवा नौ बजे मुख्यमंत्री एनसीसी कैडेटों और अन्य प्रतिभाशाली स्कूली बच्चों से संवाद करेंगे। सुबह 10 बजे अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इधर सीएम के कार्यक्रम को लेकर डीएम रीना जोशी, एसपी लोकेश्वर सिंह ने देव सिंह मैदान में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। देव सिंह मैदान में झूले, चरखी लगनी शुरू हो गई है। स्टाल भी लग गए हैं। कार्यक्रम के लिए मंच और पंडाल को सजा दिया गया है। प्रशासन और नगरपालिका की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को मेला स्थल पर दुकानों का आवंटन किया गया