Fri. Nov 27th, 2026

रुद्रप्रयाग के सहायक अध्यापक की सेवा समाप्त, अपर शिक्षा निदेशक ने द‍िए आदेश, फर्जी प्रमाण पत्र से जुड़ा मामला

पौडी: अपर शिक्षा निदेशालय माध्यमिक ने रुद्रप्रयाग जनपद के माध्यमिक शिक्षा विभाग में फर्जी अंक तालिका व प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी पाने वाले एक सहायक अध्यापक की सेवा समाप्त कर दी है। शिक्षक के बीएड की अंक तालिका व प्रमाण पत्र एसआइटी के साथ ही विभागीय जांच फर्जी पाए गए थे। इस संबंध में अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा महावीर सिंह बिष्ट ने उक्त शिक्षक की सेवा समाप्ति का आदेश जारी कर दिया है

जनपद रुद्रप्रयाग के राउमावि चौरिया, ब्लाक जखोली में सहायक अध्यापक हिंदी के पद पर 8 सितंबर 2005 को गुलाब सिंह की नियुक्ति हुई थी। नियुक्ति के दौरान उक्त शिक्षक ने शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्रों में वर्ष 1994 में हाईस्कूल, 1996 में इंटरमीडिएट की परीक्षा माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहबाद, उत्तर प्रदेश से उत्तीर्ण बताया। 1999 में स्नातक व 2001 में परास्नातक हेमवती नंदन गढ़वाल विवि श्रीनगर से उत्तीर्ण के शैक्षणिक दस्तावेज विभाग को दिए थे।

वर्ष 2004 में चौधरी चरण सिंह विवि मेरठ से बीएड की उपाधि प्राप्त की जानकारी दी थी। जुलाई 2017 में सीबीसीआइडी को गुलाब सिंह के शैक्षणिक दस्तावेज फर्जी होने की शिकायत मिली थी। एसआइटी की जांच में नवंबर 2020 को उक्त शिक्षक के बीएड की अंक तालिका व प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए थे। एसआइटी की रिपोर्ट के बाद जून 2021 में शिक्षा महानिदेशक ने अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

सितंबर 2021 को अपर निदेशक ने शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 15 दिनों के भीतर फर्जी अंक तालिका व प्रमाण पत्र को लेकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। मामले में नवंबर 2021 को सीईओ रुद्रप्रयाग को जांच अधिकारी नामित किया गया। हालांकि सीईओ की असर्मथता के चलते जांच बीईओ अगस्त्यमुनि को सौंपी गई थी। जनवरी 2022 में विभागीय जांच में भी उक्त शिक्षक के बीएड की अंकतालिका व प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए थे। अपर निदेशालय ने अप्रैल 2022 को शिक्षक को सुनवाई का एक और अवसर प्रदान

लेकिन शिक्षक शैक्षणिक दस्तावेजों की वैधता को लेकर साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाए। मामले में 7 जून 2022 को उक्त शिक्षक के खिलाफ थाना अगस्त्यमुनि में एफआईआर दर्ज की गई थी। विभाग ने 5 जुलाई 2022 को उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। नैसर्गिक न्याय के तहत विभाग ने शिक्षक को 25 अगस्त 2022 को अंतिम अवसर प्रदान किया गया। अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल महावीर बिष्ट ने बताया कि जीआइसी पठालीधार अगस्त्यमुनि जनपद रुद्रप्रयाग के निलंबित सहायक अध्यापक गुलाब सिंह की सेवा समाप्त कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed