मैदान में कुहासा और पहाड़ों में पाला बढ़ाएगा ठंड, एक क्लिक में पढ़ें कैसा रहेगा मौसम

देहरादून : आने वाले चार दिनों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की आशंका है। इस दौरान पहाड़ों में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है।
ठंड में हो सकता है इजाफा
मैदानी इलाकों में अधिकांश स्थानों पर हल्के से गहरा कोहरा छाये रहने और पहाड़ों में पाला पड़ने की आशंका है। पाले से पहाड़ों में ठंड में इजाफा हो सकता है।
बुधवार को मैदान से पहाड़ तक चटख धूप खिली रही। केवल उच्च हिमालयी क्षेत्र में चमोली, रुद्रप्रयाग व पिथौरागढ़ की ऊंची पहाड़ियों में दोपहर एक बजे से ढाई बजे के बीच हल्के बादल छाये रहे, हालांकि तीन बजे बाद एक बार फिर मौसम साफ हो गया।
नैनीताल व मसूरी में सुबह के समय सड़कों पर पाला पड़ रहा है। देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 26.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा
इसी तरह मसूरी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.6 व न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल मंद पड़ा हुआ है। जिससे आने वाले चार दिनों में उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा। पहाड़ों में कहीं-कहीं सामान्य से अधिक पाला पड़ने और मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं कोहरा पड़ने की आशंका है