Fri. Nov 27th, 2026

एम्स में उत्तराखंड स्टेट चैप्टर शुरू

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में टेलिमेडिसिन सोसाइटी ऑफ इंडिया के तत्वावधान में उत्तराखंड स्टेट चैप्टर शुरू किया गया। इस तकनीक से देश के अन्य मेडिकल और नर्सिंग कॉलेजों को भी जोड़ा जाएगा।

टेलिमेडिसिन सोसाइटी ऑफ इंडिया की अध्यक्ष और एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. डा. मीनू सिंह और टीएसआई के सचिव डॉ. मूर्ति रमेला ने संयुक्त रूप से सोसाइटी के उत्तराखंड स्टेट चैप्टर को शुरू किया। टीएसआई की अध्यक्ष एम्स निदेशक ने कहा कि इस सुविधा से वर्तमान में कोटद्वार स्थित बेस अस्पताल और मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी एम्स ऋषिकेश की टेलिमेडिसिन सुविधा से सीधे तौर से जुड़े हैं। टीएसआई के सचिव डॉ. मूर्ति रमेला ने कहा कि वर्ष 2001 में सेटेलाइट बेस्ड कनेक्टिविटी के माध्यम से प्रत्येक जनपद के जिला चिकित्सालयों को जोड़ा जा चुका था और अब टेलिमेडिसिन सुविधा से हम गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी ऑनलाइन प्रतिभाग किया।

इस मौके पर डॉ. पूर्वी कुलश्रेष्ठ, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. संजीव कुमार मित्तल, अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अंशुमन दरबारी, डॉ. अरूप कुमार मंडल, डॉ. स्मृति अरोड़ा, पीपीएस विनीत कुमार आदि शामिल थे।
अकादमी में राष्ट्रपति ने किया सेवा को शुरू
लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एम्स ऋषिकेश की टेलिमेडिसिन सेवा से अकादमी को जोड़ते हुए इस योजना को शुरू किया। उन्होंने इस सेवा को अकादमी के प्रशिक्षु अधिकारियों, विभिन्न प्रतिभागियों और संस्थान के अन्य स्टाफ के लिए विशेष लाभकारी बताया। अकादमी के निदेशक श्रीनिवास आर. कटिकिथाला ने कहा कि अकादमी में चिकित्सा सेवा के लिए 24 घंटे डिस्पेंसरी सुविधा तो उपलब्ध थी, लेकिन एम्स ऋषिकेश की टेलिमेडिसिन सेवा से जुड़ने के बाद अब एम्स ऋषिकेश के हृदय रोग विशेषज्ञों, बाल रोग विशेषज्ञों, त्वचा रोग विशेषज्ञों के साथ-साथ सामान्य विशेषज्ञ चिकित्सकों से निशुल्क ओपीडी परामर्श भी प्राप्त हो सकेगा। इस सेवा के शुरू होने से अकादमी परिवार के साथ साथ मसूरी के स्थानीय लोगों को भी इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed