पौड़ी जिले के छह शिक्षकों को मिला राष्ट्रीय गौरव शिक्षक सम्मान
पौड़ी जिले के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत छह शिक्षकों को राष्ट्रीय गौरव शिक्षक सम्मान 2022 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान शिक्षकों को शिक्षा में नवाचारी गतिविधियों और विद्यार्थियों को समय-समय पर प्रोत्साहित करने के लिए प्रदान किया गया है।
राष्ट्रीय स्तर की संस्था टीम मंथन गुजरात की ओर से उमिया धाम, उंझा महेसाणा गुजरात में आयोजित कार्यक्रम में देशभर के 175 से अधिक नवाचारी शिक्षकों को प्रशस्तिपत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। जनपद पौड़ी से सम्मानित होने वाले नवाचारी शिक्षकों में जयहरीखाल ब्लाक के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय मेरूडा के शिक्षक राजीव थपलियाल, जलेथा के जसपाल असवाल, कोटा के रवींद्र कुमार, कल्जीखाल ब्लाक के अंतर्गत जसपुर के शिक्षक कमलेश बलूनी, रिखणीखाल ब्लाक के अंतर्गत कांडा के दिनेश सिंह बिष्ट, खिर्सू ब्लाक के अंतर्गत चुठाणी के विनोद रावत शामिल हैं। टीम मंथन गुजरात के राष्ट्रीय संयोजक शैलेश कुमार प्रजापति ने बताया कि शिक्षकों ने विद्यालय में नवाचारी, सृजनशील एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्यों को करने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया है। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि उमा ड्यूनडी, चंदू भाई मोदी, अजय नायर, डॉ. राजेंद्र जानी, मनोज पंवार, सुरेश राणा, ऊषा रानी, डॉ. धर्मचंद आचार्य आदि मौजूद रहे।
