Thu. Nov 26th, 2026

स्वर्ण आभूषणों के अरबों के कारोबार को अब नैनीताल जिले से लगेगी मुहर

हल्द्वानी। कुमाऊं समेत उत्तराखंड के स्वर्णकारों को स्वर्ण आभूषणों पर हॉल मार्किंग की सुविधा अब नैनीताल जिले में मिलने जा रही है। माइक्रो स्माल मीडियम इंटरप्राइजेज (एमएसएमई) मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से कोटाबाग में प्रदेश का पहला कॉमन फैसिलिटी सेंटर खुलने जा रहा है। केंद्र से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद यहां सेक्शन आठ कंपनी भी बनाई गई है जो इस सेंटर का संचालन करेगी। कुमाऊं मंडल में लगभग 1200 स्वर्णकारों को सेंटर खुलने से काफी सहूलियत होगी।

एक अनुमान के मुताबिक हर रोज प्रदेश में करोड़ों का स्वर्ण कारोबार होता है। अकेले कुमाऊं मंडल में सीजन में एक माह में करीब एक अरब कारोबार होने का अनुमान रहता है। स्वर्ण आभूषणों के लिए हॉल मार्किंग अनिवार्य है। कारोबारियों को हॉल मार्किंग के लिए अब तक गाजियाबाद, मेरठ, दिल्ली आदि शहरों की दौड़ लगानी पड़ती थी। अब भारत सरकार एमएसएमई मंत्रालय की ओर से कोटाबाग में प्रदेश के पहले कॉमन फैसिलिटी सेंटर खोलने की स्वीकृति मिलने से स्वर्णकारों को अब यहीं पर हॉल मार्किंग की सुविधा मिल सकेगी।

केंद्र ने सेंटर के लिए नौ करोड़ 72 लाख रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। इसमें 7.30 करोड़ केंद्र सरकार, 1.3 करोड़ राज्य और सेक्शन आठ कंपनी 1.39 करोड़ रुपये दे रही है। सेंटर में हॉल मार्किंग मशीन, टैस्टिंग मशीन के अलावा ट्रेनिंग सेंटर की भी सुविधा स्वर्णकारों को मिलेगी। इसका सबसे ज्यादा लाभ कुमाऊं के स्वर्णकारों को मिलेगा।
कोट-
– एमएसएमई मंत्रालय की योजना के तहत कोटाबाग में प्रदेश का पहला कॉमन फैसिलिटी सेंटर खुलने जा रहा है। जल्द ही यहां स्वर्णकारों को हॉल मार्किंग की सुविधा के साथ ही तकनीक की जानकारी भी मिल सकेगी। -एससी कांडपाल, सहायक निदेशक, एमएसएमई विकास कार्यालय उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed