जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान जिले में नदी प्रवाह तंत्र में अतिक्रमण को लेकर सख्त हो गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को नदी के पास किए गए अतिक्रमण को चिह्नित कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि नदियों और उनकी लहरों के पास किसी तरह का कोई अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीएम ने एसडीएम सिंचाई विभाग श्रीनगर को अलकनंदा नदी के जल प्रवाह के मानक का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में नमामि गंगे समिति की बैठक में डीएम डा. आशीष चौहान ने बताया कि श्रीनगर में जल विद्युत परियोजना के बैराज से नैथाणा पुल के बीच अलकनंदा नदी में जल प्रवाह मानकों के तहत होना अनिवार्य है। इसकी जांच कर स्थिति से अवगत कराएं। जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों को बड़ी संख्या में होने वाले कूड़े का चिह्निकरण और उसकी प्रकृति के अनुरूप (गीला, सूखा, प्लास्टिक, अजैविक-जैविक) निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को भी विभिन्न चिकित्सालयों के बायोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण मानक के अनुरूप करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर समिति सचिव डीएफओ गढ़वाल मुकेश कुमार, एसडीएम सदर आकाश जोशी, महाप्रबंधक डीआईसी शैलेन्द्र डिमरी, ईई जल संस्थान एसके रॉय, ईई लघु सिंचाई मुकेश दत्त, एसीएमओ डा. कमलेश भारती, जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, परियोजना प्रबंधक स्वजल दीपक रावत आदि मौजूद रहे।