जिले के 63 हेड कांस्टेबल बने एएसआई, कंधों पर सजे स्टार; एसएसपी ने दी बधाई
हरिद्वार, पुलिस के 63 हेड कांस्टेबल ट्रेनिंग पूरी करने के बाद विधिवत रूप से अपर उपनिरीक्षक (एएसआई) बन गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने जवानों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दी। नए एएसआई मिलने से पुराने दारोगाओं के कंधों से विवेचनाओं का बोझ कम हो सकेगा
जिला पुलिस मुख्यालय पर एएसआई बने पुलिसकर्मियों के कंधे पर स्टार लगाकर शुभकामनाएं देते हुए एसएसपी अजय सिंह ने नई जिम्मेदारी को और बेहतर ढंग से निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कांधे पर स्टार लगने से इन पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी अब पहले से ज्यादा बढ़ गई है। पीड़ित को न्याय दिलाना और अपराधी को सजा दिलाना ही हमारा उद्देश्य होना चाहिए।
वहीं, एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने भी कई जवानों के कंधे पर स्टार लगाते हुए उत्साहवर्धन किया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मुख्यालय की ओर से वरिष्ठता के क्रम में हरिद्वार के 63 हेड कांस्टेबलों की सूची जारी गई थी। सभी हेड कांस्टेबल पदोन्नत होकर अपर उप निरीक्षक बने हैं।
प्रमोट हुए जवानों की खुशी में शामिल होते हुए सभी पुलिसकर्मियों ने मिष्ठान वितरित कर पदोन्नति प्राप्त करने वाले जवानों को बधाई दी। एसएसपी ने सभी को प्रमोशन के बाद बढ़ी जिम्मेदारियों को और अधिक मेहनत से निभाने के लिए प्रोत्साहित किया
इस दौरान एसपी क्राइम रेखा यादव, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, सीओ ऑपरेशन निहारिका सेमवाल, सीओ सिटी मनोज कुमार ठाकुर, सीओ सदर बहादुर सिंह चौहान आदि शामिल रहे।
