अनुशासनहीनता पर एक छात्र संस्थान से निष्कासित, चार छात्रावास से बाहर
जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी के छात्रों काे अनुशासनहीनता दिखाना भारी पड़ गया। संस्थान के प्रोक्टोरियल बोर्ड ने एक छात्र को एक साल के लिए संस्थान से निष्कासित कर दिया है। चार छात्रों को दो माह के लिए छात्रावास से बाहर कर दिया जबकि मारपीट की घटना से जुड़े 11 छात्रों को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी में बीते 15 अप्रैल को छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। 16 अप्रैल को संस्थान के एक छात्र की तहरीर पर मारपीट को लेकर तीन नामजद व चार अज्ञात छात्रों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। संस्थान प्रशासन ने प्रकरण में 17 अप्रैल को 8 छात्रों को 15 दिन के लिए संस्थान व छात्रावास से निलंबित कर दिया था। इस मामले की जांच 9 सदस्यीय टीम ने की और 20 अप्रैल को जांच रिपोर्ट निदेशक को सौंप दी थी। बीते 2 मई को डीएम ने संस्थान के छात्रावास का निरीक्षण किया था जिसमें छात्रों के कमरों में शराब की बोतलें, सिगरेट मिली थीं।
अब छात्रों के निलंबन की अवधि पूरी हो गई है। संपूर्ण प्रकरण को लेकर बृहस्पतिवार को संस्थान के प्रोक्टोरियल बोर्ड की बैठक हुई जिसमें बोर्ड ने कड़े निर्णय लिए। प्रोक्टोरियल बोर्ड के अध्यक्ष व संस्थान के निदेशक प्रो. वाई सिंह ने बताया कि बीटेक के 16 छात्रों ने अनुशासनहीनता की है। इनमें सबसे ज्यादा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग के 7, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के 5, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग के 2 और सिविल इंजीनियरिंग व बायो टेक्नोलॉजी का 1-1 छात्र शामिल है। विभागीय जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर बोर्ड ने एक छात्र को संस्थान से एक साल के लिए निष्कासित कर दिया है। चार छात्र छात्रावास से दो माह के लिए निलंबित किए हैं लेकिन उनको शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल होने की अनुमति दी है
