ट्रैक्टर की टक्कर से दून अस्पताल के लैब सुपरवाइजर की मौत
ट्रैक्टर की टक्कर से दून अस्पताल के सीनियर लैब सुपरवाइजर की मौत हो गई। वह शनिवार रात को एक शादी समारोह से लौट रहे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
हादसा नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में हुआ। एसओ नेहरू कॉलोनी लोकेंद्र बहुगुणा ने बताया कि घनसाली टिहरी के रहने वाले प्रमोद बडोनी (45) पुत्र स्व. पूर्ण बडोनी वर्तमान में नेहरू कॉलोनी में रहते थे। वह दून अस्पताल में बतौर वरिष्ठ लैब सुपरवाइजर काम करते थे। शनिवार देर रात प्रमोद एक शादी समारोह में गए थे। वहां से लौटते हुए धर्मपुर में उनकी बाइक को एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। एसओ ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बडोनी की मौत के बाद दून मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना और अन्य अधिकारियों ने दुख जताया है