स्वितोलिना और सोफिया केनिन तीसरे दौर में पहुंचीं, बेल्जियम की मर्टेंस और चीन की वेंग बाहर
यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना और अमेरिका की सोफिया केनिन ने गुरुवार को विंबलडन टेनिस के चौथे दिन जीत के साथ तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया। क्वालिफाइंग दौर से पहुंचीं अमेरिका की सोफिया केनिन ने मुख्य ड्रॉ में लगातार अपना दूसरा मैच जीतते हुए चीन की वेंग को 6-4, 6-3 से हराया। स्वितोलिना ने दूसरे दौर में बेल्जियम की एलिसे मर्टेंस को तीन सेटों तक चले मुकाबले में 6-1, 1-6, 6-1 से पराजित किया।
क्वालिफायर दौर में तीन मैच जीतने वाली पूर्व ऑस्ट्रेलियाई चैंपियन केनिन की मौजूदा रैंकिंग 128 है लेकिन एक समय वह दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी रह चुकी हैं। मुख्य ड्रॉ के अपने पहले मैच में उन्होंने अमेरिका की सातवीं वरीयता की कोको गाफ को हराकर उलटफेर किया था। पिछले महीने फ्रेंच ओपन में सू वेई के साथ युगल खिताब जीतने वालीं वेंग के खिलाफ एकल में केनिन की लगातार तीसरी जीत है। हालांकि चीनी खिलाड़ी के खिलाफ सोफिया ने कम विनर लगाए लेकिन बेजा गलतियां कम रहीं। सात में से चार ब्रेक प्वाइंट भुनाए। केनिन का सामना अब तीसरे दौर में यूक्रेन की एलिना स्तितोलिना से होगा। स्वितोलिना के साथ उनके पांच मुकाबले हुए हैं, जिसमें तीन बार स्वितोलिना जीतने में सफल रही हैं। ये सभी पांच मुकाबले 2019 में हुए थे।
38 साल के वावरिंका तीन साल में पहली बार तीसरे दौर में
पुरुष वर्ग में 38 साल के स्टेन वावरिंका ने दूसरे दौर में अपने से 15 साल छोटे अर्जेंटीना के थामस ऐचवेरी को 6-3, 4-6, 6-4, 6-2 से पराजित किया। तीन साल में पहली वावरिंका किसी ग्रैंडस्लैम के तीसरे दौर में पहुंचे हैं। 88वीं रैंकिंग के वावरिंका पिछले छह ग्रैंडस्लैम में पहले या दूसरे दौर में बाहर होते रहे हैं। अब उनके सामने गत विजेता सर्बिया के नोवाक जोकोविच की चुनौती होगी जो विंबलडन में अपना आठवें खिताब का लक्ष्य लेकर उतरे हैं। हालांकि 2015 के फ्रेंच ओपन फाइनल में वावरिंका ने उन्हें हराया था। एक समय वावरिंग दुनिया के शीर्ष चार खिलाड़ियों में होती थी। उन्होंने 2014 का ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2015 का फ्रेंच ओपन और 2016 का यूएस ओपन जीता था
