टनकपुर में आईएसबीटी का निर्माण शुरू
टनकपुर (चंपावत)। रोडवेज वर्कशॉप और जल निगम की भूमि में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) के निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। ठेकेदार कंपनी ने अपना अस्थायी कार्यालय बनाकर पुराने भवनों को तोड़ने का काम शुरू कर दिया है। परिसर में खड़े पेड़ काटने का टेंडर भी हो गया है। करीब छप्पन करोड़ रुपये की लागत से बन रहे बस टर्मिनल में एक साथ सौ बस खड़ी होने की क्षमता होगी। अट्ठारह महीने में यह टर्मिनल बनकर तैयार हो जाएगा।
नगर में जाम की समस्या होगी दूर
आईएसबीटी बनने से जहां यात्रियों को बेहतर आधुनिक सुविधा मुहैया होगी, वहीं नगर में बस स्टेशन के पास जाम की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा। वर्ष 1960 में बने नगर के मौजूदा बस स्टेशन में टनकपुर समेत उत्तराखंड के विभिन्न डिपो के अलावा उत्तर प्रदेश की बसों का भी दबाव रहने से अक्सर जाम की स्थिति पैदा होती है और यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है
