Tue. Nov 24th, 2026

ब्लेमगेम खेलना बंद करें अधिकारी, वरना होगी कार्रवाई : खजानदास

स्मार्ट सिटी कार्यों की लेटलतीफी पर विधायक राजपुर खजान दास भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों की जमकर क्लास ली। कहा कि अधिकारी आपस में ब्लेमगेम न खेलें, बल्कि समन्वय के साथ तेजी से कार्य कार्य करें। लापरवाह अधिकारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी। कहा कि जो संस्था कार्य नहीं कर रही है उस पर जुर्माना लगाएं। कहा कि इंवस्टर्स समिट से पहले सभी कार्य पूरे कराएं और दून की सड़कों को ठीक कराएं।

विधायक खजानदास ने स्मार्ट सिटी सहित लोनिवि, यूपीसीएल, जल संस्थान, पीआईयू, एवं निर्माण कार्यों से संबंधित विभागों के साथ संयुक्त बैठक की। उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खोदी गई सड़कों, नालियों, विद्युत लाइनों को शीघ्र ठीक करने के निर्देश दिए। कहा कि स्मार्ट सिटी के धीमी गति से हो रहे कार्यों के कारण आम लोगों और व्यापारियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

विधायक ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि अधिकारी एक-दूसरे विभाग पर बात डालने की आदतों से बाज आएं। कहा कि दिसंबर में प्रस्तावित इंवेस्टर्स समिट से पहले शहर की हर सड़क को ठीक कराएं। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि 30 अक्टूबर तक अधिकतम कार्यों को पूर्ण कर लिया जाएगा। इस दौरान स्मार्ट सिटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

विधायक ने कहा कि देहरादून की ऐतिहासिक पहचान पल्टन बाजार में फसाड योजना के तहत छज्जों आदि के सात करोड़ से अधिक के कार्य पूर्ण हो चुके हैं। जिसका शीघ्र मुख्यमंत्री लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही पल्टन बाजार के दोनों और 1.50 करोड़ लागत से गेटों निर्माण कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed