Wed. May 27th, 2026

पश्चिमी विक्षोभ का दिखने लगा असर, 17 दिसंबर के बाद बढ़ेगी ठंड; मैक्लुस्कीगंज रहा सबसे सर्द

रांची। राजधानी रांची में 17 दिसंबर के बाद पश्चमी विक्षोभ का कहर देखने को मिलेगा। इसके बाद तेज हवाओं के साथ कनकनी महसूस होगी  मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी चेतावनी के अनुसार, राजधानी में न्यूनतम तापमान अगले पांच दिनों में 8-9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम में तेजी से हुए बदलाव का मुख्य कारण मिचौंग तूफान का ठहराव है

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि सोमवार को रांची का मौसम शुष्क रहा। उधर, ठंड बढ़ने के साथ ही ऊनी कपड़ों की दुकानों पर भीड़ लगने लगती है। लोग रजाई भी बनवाने लगे हैं। सोमवार की सुबह कोहरे के साथ हुई। इसके बाद अच्छी धूप खिली और शाम ढलते ही कनकनी बढ़ने लगी।

यही हाल अगले पांच दिनों तक बना रहेगा। हालांकि, न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है। जबकि 16 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान आठ से नौ डिग्री सेल्सियस जाने की संभावना है।

चक्रवाती तूफान मिचौंग के थमते ही मैक्लुस्कीगंज में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की आशंका है। तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। मैक्लुस्कीगंज में स्थित गार्डन गेस्ट हाउस के निदेशक नेलशन पाल गार्डनद्वारा उनके यहां लगे तापमान मापक यंत्र में सोमवार सुबह छह बजे न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मैक्लुस्कीगंज का तापमान बीते वर्षों में शून्य डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच गया था। मैक्लुस्कीगंज को झारखंड का कश्मीर कहा जाता है।

कांके में सबसे अधिक ठंड मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार कांके, नामकुम, हिनू और अल्बर्ट एक्का चौक पर रिकॉर्ड किया जाता है, जिसमें सबसे अधिक ठंड कांके का रिकार्ड किया गया है। कांके का न्यूनतम तापमान सोमवार को सात से आठ डिग्री रिकार्ड किया गया है। इसके अलावा नामकुम का 9-10 डिग्री, हिनू का 10-11 और अल्बर्ट एक्का चौक का 11-12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।

मौसम में बदलाव मिचौंग का ठहराव है। आने वाले दिनों में रांची समेत राज्यभर में ठंड बढ़ेगी। 17 दिसंबर के बाद पश्चमी विक्षोभ का असर राज्यभर में देखने को मिल सकता है। – अभिषेक आनंद, मौसम विज्ञानी, रांची

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *