साढ़े तीन हजार छात्रों ने देखी प्रदर्शनी

पंतनगर। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन अहमदाबाद (इसरो) की ओर से कैंपस स्कूल में विवि के सेवायोजन निदेशालय के सहयोग से लगी प्रदर्शनी विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र बनी है। प्रदर्शनी के दूसरे दिन नैनीताल और यूएस नगर के 60 से अधिक विद्यालयों के साढ़े तीन हजार विद्यार्थियों ने भ्रमण किया। पंतनगर विवि प्रबंध समिति के सदस्य पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने प्रदर्शनी में कहा कि इन्हीं विद्यार्थियों में से कई प्रतिभावान वैज्ञानिक बनकर देश की सेवा कर सकते हैं। राॅकेट लांचिंग दूसरे दिन भी विद्यार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। स्पेस ऑन व्हील में विद्यार्थियों ने चलचित्रों के माध्यम से अंतरिक्ष व अन्य उपकरणों का अवलोकन कर जानकारी ली।इसरो अहमदाबाद से आए वैज्ञानिक डाॅ. विनोद जोशी, डाॅ. एनजे भट्ट, डाॅ. सी. पटनायक व सहायक निदेशक इसरो ए. फर्नांडिस ने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष से संबंधित जानकारियां दी। विद्यार्थियों से वैज्ञानिक सोच के साथ देश की उन्नति के लिए कार्य करने का आह्वान किया।